छात्रा से अभद्र बातचीत, पेपर लीक के दावे; वायरल ऑडियो पर लखनऊ यूनिवर्सिटी का प्रोफेसर गिरफ्तार

लखनऊयूनिवर्सिटी के प्रोफेसर परमजीत सिंह छात्रा से अभद्र बातचीत और परीक्षा पेपर लीक के आरोपों में घिर गए हैं. वायरल ऑडियो में छात्रा को प्रलोभन देने और पेपर आउट करने की बात सामने आई. विश्वविद्यालय प्रशासन ने थाने तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.

लखनऊ य़ूनिवर्सिटी ( प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

लखनऊ विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य परमजीत सिंह छात्रा से अभद्र बातचीत और परीक्षा पेपर लीक के आरोपों में घिर गए हैं. वायरल ऑडियो में छात्रा को प्रलोभन देने और पेपर आउट करने की बात सामने आई. इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में थाने में तहरीर दी, जिसके बाद अब लखनऊ पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.

सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में छात्रा को केबिन में बुलाने और परीक्षा पेपर लीक कराने का दावा किया गया था. साथ ही छात्रा को छुट्टी छोड़कर वापस आने का दबाव बनाने का आरोप है. वायरल ऑडियो में साफ सुना जा सकता है कि प्रोफेसर छात्रा से ‘एग्जाम से पहले आ जाओ, पेपर दे देंगे’ कहते हैं. इस घटना के बाद से विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया था.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे आपराधिक कृत बताया

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए तत्काल गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की थी. इकाई अध्यक्ष जय श्रीवास्तव ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा को कलंकित करने वालों को बख्शा न जाए. अभाविप ने यूपी सरकार के परीक्षा की शुचिता कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की. साथ ही एक्शन न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी.

वहीं, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विद्या नन्द त्रिपाठी ने मामले में हसनगंज थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. साथ ही इस कृत्य को परीक्षा की गोपनीयता और छात्रा की गरिमा को क्षति पहुंचाने वाला और आपराधिक बताया. वहीं, विश्वविद्यालय की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

छात्रा का उत्पीड़न के आरोप, प्रोफेसर बोले-राजनीति

लखनऊ पुलिस ने एक्स पोस्ट में जानकारी देते हुए लिखा, ‘आरोपी प्रोफेसर को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है. परीक्षा नियंत्रक, लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना हसनगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है.’ पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटी है.

छात्रा ने प्रोफेसर पर उत्पीड़न की कोशिश का भी आरोप लगाया है. वायरल ऑडियो में छात्रा को बोलते सुना जा सकता है कि ‘मुझे पेपर नहीं चाहिए, फिर से मोलेस्ट करना चाहते हैं’. हालांकि, आरोपी प्रोफेसर ने सभी आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि विश्वविद्यालय के भीतर और विद्यार्थियों के बीच ‘आंतरिक राजनीति’ के कारण झूठा फंसाया जा रहा है.

Follow Us