लखनऊ अग्निकांड: अपना सारा कार्यक्रम रद्द करके घटनास्थल पर आ रहे हैं CM योगी
लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ का अपना कार्यक्रम बीच में छोड़कर राजधानी लौटने का फैसला किया. आग की चपेट में आने से कई बच्चों की मौत की खबर के बाद सीएम ने डीजीपी और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के आदेश दिए.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अलीगढ़ में चल रहे अपने कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ दिया. लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही उन्होंने राजधानी लौटने का फैसला किया. दरअसल, जिस वक्त लखनऊ के अलीगंज में एक बिल्डिंग में आग लगी, उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद थे और जनसभा को संबोधित कर रहे थे.
जैसे ही जानकारी मिली कि लखनऊ में आग लगने की एक बड़ी घटना में कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए हैं और कुछ बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है. घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपना शेष कार्यक्रम रद्द कर तत्काल लखनऊ रवाना होने का निर्णय लिया. जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वे अलीगढ़ में निर्धारित सभी कार्यक्रमों में शामिल हों, लेकिन लखनऊ से आई दुखद सूचना के बाद उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है, जिसमें कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आ गए हैं, इस घटना में बच्चों की मृत्यु की सूचना बेहद पीड़ादायक है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है. मुख्यमंत्री ने मृतक बच्चों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने मासूमों को खोया है, उनके दुख में पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है.
डीजीपी और एसीएस गृह को मौके पर भेजने का निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा. सीएम ने स्पष्ट कहा कि इस घटना की तह तक जाया जाएगा और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
घायलों के समुचित उपचार के निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘इस मामले की गहराई से जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे सजा दिलाई जाएगी.’ मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आग की घटना में घायल हुए लोगों का सर्वोत्तम उपचार कराया जाए. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कहा, ताकि घायलों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. सरकार की प्राथमिकता इस समय राहत और बचाव कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की है.
एक्स पर जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है. उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की. मुख्यमंत्री के राजधानी लौटने के फैसले के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है. वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
