22 लाख में अपना प्लॉट! CM योगी करेंगे वरुण विहार और नैमिष नगर का शुभारंभ
लखनऊ में अपना घर बनाने के लिए प्लॉट का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. एलडीए जल्द ही वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं की शुरुआत करने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गणेश चतुर्थी के आसपास दोनों योजनाओं का शुभारंभ कर सकते हैं. इसके साथ करीब 6000 भूखंडों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने की तैयारी है. प्लॉट का आकार 72 से 450 वर्गमीटर तक होगा.
लखनऊ में अपना घर बनाने के लिए प्लॉट का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. राजधानी में दो नई आवासीय योजनाएं लॉन्च होने जा रही हैं और करीब 6000 प्लॉट की बुकिंग शुरू होगी. एलडीए की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. गणेश चतुर्थी के आसपास दोनों योजनाओं के लॉन्च की तैयारी है. खास बात ये है कि इन योजनाओं में 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के प्लॉट होंगे.
बता दें कि लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए एलडीए बड़ी तैयारी कर रहा है. राजधानी में दो नई टाउनशिप वरुण विहार और नैमिष नगर शुरू होने जा रही हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दोनों महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इसी के साथ प्लॉट की ऑनलाइन बुकिंग और पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है. दोनों योजनाओं में एक साथ करीब 6000 भूखंडों की बुकिंग खोली जाएगी.
कहां-कहां बनेंगी टाउनशिप?
अब बात करते हैं लोकेशन की. वरुण विहार योजना, आगरा एक्सप्रेसवे के नजदीक करीब 6,580 एकड़ में विकसित की जा रही है. वहीं नैमिष नगर योजना, सीतापुर रोड के आसपास करीब 3,600 एकड़ क्षेत्र में आकार ले रही है. यानी दोनों योजनाओं के जरिए लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में बड़े स्तर पर नया शहरी विस्तार किया जाएगा. इन दोनों योजनाओं में अलग-अलग जरूरत और बजट वाले लोगों के लिए प्लॉट उपलब्ध होंगे.
कितनी होगी कीमत?
प्लॉट का आकार 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक रखा गया है. साथ ही प्लॉट 18 मीटर से लेकर 45 मीटर तक चौड़ी सड़कों पर होंगे. यानी एलडीए की कोशिश सिर्फ प्लॉट उपलब्ध कराने की नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से नई टाउनशिप विकसित करने की है. एलडीए के मुताबिक, वरुण विहार में जमीन की दर करीब 2800 रुपये प्रति वर्गफुट और नैमिष नगर में करीब 3200 रुपये प्रति वर्गफुट रखी गई है.
बड़े टाउनशिप के तौर पर विकसित होंगी
इसके हिसाब से सबसे छोटे प्लॉट की शुरुआती कीमत करीब 21 से 22 लाख रुपये के आसपास बैठेगी. वरुण विहार को सिर्फ आवासीय कॉलोनी के तौर पर नहीं, बल्कि बड़े टाउनशिप प्रोजेक्ट के तौर पर विकसित करने की योजना है. एलडीए की योजना में यहां बड़े स्तर पर आवासीय विकास के साथ ग्रीन स्पेस, सेंट्रल पार्क, गोल्फ कोर्स और लॉजिस्टिक्स पार्क जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं.
एलडीए के प्रोजेक्ट प्लान के मुताबिक वरुण विहार का पूरा विकास करीब 25 सेक्टर में किया जाना है और दीर्घकालिक योजना में 15 हजार से ज्यादा प्लॉट प्रस्तावित हैं. दरअसल, लखनऊ लगातार फैल रहा है और अब शहर का विस्तार एक्सप्रेसवे, सीतापुर रोड और दूसरे बाहरी इलाकों की तरफ तेजी से हो रहा है. वरुण विहार और नैमिष नगर जैसी बड़ी योजनाओं का मकसद इसी शहरी विस्तार को सुनियोजित दिशा देना है.