लखनऊ में बनेगा देश का पहला मैंगो पार्क, लगेंगे 2000 से ज्यादा पौधे, डिजिटल म्यूजियम-मेला-हाट की भी सुविधा

लखनऊ नगर निगम रायबरेली रोड पर 15 एकड़ में एक अद्वितीय मैंगो थीम पार्क बना रहा है. इसमें 108 आम प्रजातियों के 2000 से अधिक पौधे और 775 आम प्रजातियों की डिजिटल जानकारी वाला संग्रहालय होगा. ये पार्क हरियाली बढ़ाएगा, किसानों को मंच देगा, और बच्चों के लिए विशेष झूले भी होंगे. ये लखनऊ के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन और ज्ञान केंद्र बनेगा.

लखनऊ मैंगो पार्क Image Credit:

लखनऊ में हरियाली और जैव-विविधता को बढ़ाने के लिए नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है. इसी पहल के तहत, रायबरेली रोड पर किसान पथ के पास कल्ली पश्चिम में लगभग 15 एकड़ में एक विशाल मैंगो पार्क तैयार किया जा रहा है. मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पार्क का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की समीक्षा की. समीक्षा के बाद उन्होंने कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए. बताया जा रहा है कि यह पार्क एक विशेष थीम पर आधारित है और देश में अपनी तरह का एक अनोखा मैंगो थीम पार्क होगा.

इस मैंगो थीम पार्क में लगभग 108 प्रजातियों के 2,068 पौधे लगाए जाएंगे. मिशन अमृत 2.0 के तहत, आम्रपाली, दशहरी, अंबिका, चौसा जैसी अन्य किस्मों को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा. यह पार्क न केवल हरियाली बढ़ाएगा, बल्कि आम पर आधारित ज्ञान और जागरूकता का केंद्र भी बनेगा.

400 वर्गमीटर का मैंगो म्यूजियम

पार्क में लगभग 400 वर्गमीटर का मैंगो म्यूजियम बनाने की तैयारी चल रही है. इस म्यूजियम में देशभर में मिलने वाले आम की 775 प्रजातियों की जानकारी डिजिटली उपलब्ध कराई जाएगी. यह स्थल आम को पहचानने और उससे जुड़ी खास चीजों को समझने के लिए विकसित किया जा रहा है. यह आम के इतिहास, वैज्ञानिक विशेषताओं और भौगोलिक विविधता को समझने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.

किसानों के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म

पार्क में एक मैंगो हाट भी विकसित किया जाएगा. याहं कई तरह के आम प्रदर्शित किए जायेंगे और उनकी बिक्री भी की जाएगी. इसके माध्यम से स्थानीय किसानों को बिक्री के लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा. इसके अतिरिक्त, पार्क में मैंगो कियोस्क भी स्थापित किए जाएंगे.

बच्चों के लिए स्पेशल जोन और आकर्षण

पार्क की सुंदरता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके लिए लगभग 1,930 वर्गमीटर का एक तालाब बनाने की योजना है, जिसमें वाटर लिली और कमल जैसे फूल लगाए जाएंगे. इन सब के द्वारा पूरे पार्क को मनमोहक बनाने की योजना है. यहां बच्चों के लिए एक स्पेशल ज़ोन भी बनाया जा रहा है, जिसमें 17 आधुनिक झूले स्थापित किए जाएंगे.

इन सबके अलावा, एक ट्री म्यूरल भी बनाया जाएगा, जो पार्क को एक कलात्मक पहचान देगा. पार्क के अंदर बनाए जाने वाले मार्गों के नाम भी आम की अलग-अलग प्रजातियों पर रखे जायेंगे. पार्क को स्पेशल लाइट्स से भी सजाया जाएगा, जो यहां का मुख्य आकर्षण बनेगा.

Follow Us