हवस का मौलाना! दीनी तालीम की आड़ में रेप, एक साल तक नाबालिग का शोषण; अब अरेस्ट

लखनऊ की एक मस्जिद में दीनी तालीम की आड़ में मौलाना ने 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची का एक साल तक यौन शोषण किया. बच्ची द्वारा आपबीती बताने पर परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मौलाना इमरान को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

फाइल फोटो Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक मस्जिद के अंदर हैवानियत का मामला सामने आया है. यहां एक मौलाना दीनी तालीम की आड़ में नाबालिग लड़कियों को बुलाकर रेप करता था. एक साल तक शोषण की शिकार हुई एक 11 साल की बच्ची ने बड़ी मुश्किल से अपने परिजनों को आपबीती सुनाई. इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मौलाना को अरेस्ट कर जेल भेजा है. मामला लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र की एक मस्जिद का है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी मौलाना की पहचान इमरान के रूप में हुई है. उसे मस्जिद में बच्चों को दीनी तालीम देने के लिए रखा गया था. आरोपी लंबे समय से मस्जिद में पढ़ाई के लिए आने वाली बच्चियों का यौन शोषण कर रहा था. वहीं विरोध करने पर वह लड़कियों के साथ मारपीट करता और उन्हें जान से मारने और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देता था. एक पीड़ित बच्ची के शरीर पर गहरे जख्म भी पाए गए हैं.

ऐसे खुला मामला

जानकारी के मुताबिक बच्ची ने अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को अपना दर्द बताया था. इसके बाद इस महिला ने चाइल्ड लाइन को सूचित किया. फिर मामले की जानकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकरण शरण पांडेय और पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर मस्जिद में दबिश देकर आरोपी को अरेस्ट किया है. पुलिस ने बच्ची और उसके घरवालों की 24 घंटे काउंसलिंग कराई. फिर उनकी तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

छुट्टी के बाद करता था हैवानियत

काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि छुट्टी होने के बाद सभी बच्चे अपने घर चले जाते थे, लेकिन मौलाना उसे मस्जिद में ही रोक लेता था. वह बच्ची को अपने बगल में बैठाता था और उसके साथ हैवानियत को अंजाम देता था. पीड़िता के मुताबिक उसने कई बार मौलाना को रोकने और विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और उसकी अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी. इसकी वजह से वह चुप रह गई.

Follow Us