पहले नमो भारत, अब लखनऊ मेट्रो में भी NCMC कार्ड से सफर; किराए में छूट भी मिलेगी
लखनऊ मेट्रो में अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों को किराए में 10% छूट मिलेगी. यह 'एक देश, एक कार्ड' पहल के तहत देशभर में निर्बाध यात्रा का अनुभव देगा. यात्री अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड को आसानी से NCMC कार्ड में बदलवा सकते हैं और समय व पैसे दोनों की बचत कर सकते हैं. यह कार्ड मेट्रो के साथ-साथ अन्य सेवाओं में भी उपयोगी होगा.
लखनऊ मेट्रो में यात्रियों का सफर और स्मार्ट हो गया है. मेट्रो प्राधिकारण ने लखनऊ मेट्रो में भी एनसीएमसी कार्ड को मान्यता दे दी है. इससे यात्रियों का सफर स्मार्ट और सुविधाजनक हो गया है. यूपीएमआरसी ने मंगलवार को नैशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सेवा की लखनऊ में शुरूआत की. इससे पहले यह कार्ड नमो भारत के अलावा नोएडा और दिल्ली मेट्रो में इस्तेमाल होता था. अब यूपीएमआरसी की इस पहले से इसी कार्ड से लखनऊ मेट्रो में भी सफर किया जा सकेगा.
यूपीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक ‘एक देश, एक कार्ड’ की अवधारणा के तहत लखनऊ मेट्रो में इस सेवा को शुरू किया गया है. यूपीएमआरसी ने इस सेवा को कानपुर और आगरा मेट्रो में भी शुरू कर दिया है. यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार के मुताबिक लखनऊ और दिल्ली ही नहीं, इस कार्ड से अब यात्री पूरे देशभर में कहीं भी निर्बाध यात्रा कर सकेंगे. इस कार्ड को रखने के बाद यात्रियों को देश के अलग अलग शहरों में और अलग अलग मेट्रो में अलग अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं रहेगी.
समय और पैसे की होगी बचत
एमडी सुशील कुमार के मुताबिक इस कार्ड की वजह से यात्रियों का ना केवल समय बचेगा, बल्कि किराए में मिलने वाली 10% की छूट से उनके पैसे की भी बचत होगी. यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ मेट्रो स्टेशनों पर एनसीएमसी कार्ड के लिए काउंटर बनाए गए हैं. उन्होंने बताया कि यह कार्ड एक इंटर-ऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है. इसका ना केवल मेट्रो, बल्कि बसों और पार्किंग के अलावा रिटेल सेवाओं में भी किया जा सकता है.
एक्सचेंज विंडो भी खुलेगा
अभी तक लखनऊ मेट्रो में गो स्मार्ट कार्ड से सफर हो रहा था. हालांकि जल्द ही एक विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू करने की योजना है. इस विंडो पर यात्री अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड को 30 दिन के अंदर जमाकर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एनसीएमसी कार्ड बनवा सकेंगे. अधिकारियों के मुताबिक सभी स्टेशनों पर बने एयरटेल पेमेंट्स बैंक काउंटर पर यह कार्ड उपलब्ध है. इस कार्ड का मूल्य 100 रुपये रखा गया है.