लखनऊ के इस रेलवे स्टेशन का बदल सकता है नाम, रेल मंत्रालय को भेजा गया प्रस्ताव

लखनऊ के मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का बदलने की कवायद तेज हो गई है. स्थानीय बीजेपी विधायक नीरज बोरा ने राज्य सरकार और रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है. बीजेपी विधायक ने प्रस्ताव में स्टेशन के आधुनिकीकरण और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की गई है.

विधायक नीरज बोरा ने रेल मंत्रालय को भेजा प्रस्ताव (फाइल फोटो) Image Credit:

राजधानी लखनऊ के मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का नाम जल्द बदलकर जानकीपुरम रेलवे स्टेशन किया जा सकता है. लखनऊ उत्तर से विधायक नीरज बोरा ने इस संबंध में राज्य सरकार और रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है. उन्होंने जनभावनाओं, क्षेत्र की पहचान और यात्रियों की सुविधा का हवाला देते हुए नाम बदलने की मांग की है.

विधायक नीरज बोरा ने अपने पत्र में कहा है कि रेलवे लाइन बनने के समय मोहिबुल्लापुर क्षेत्र की जो पहचान थी, वह अब बदल चुकी है. वर्तमान में मोहिबुल्लापुर नाम से कोई प्रमुख बस्ती नहीं है, जबकि स्टेशन से सटा जानकीपुरम लखनऊ का बड़ा और प्रमुख आवासीय क्षेत्र बन चुका है. यहां नगर निगम के तीन वार्डों में लाखों लोग निवास करते हैं.

स्टेशन के आधुनिकीकरण की भी मांग की

स्थानीय नागरिक लंबे समय से स्टेशन का नाम जानकीपुरम करने की मांग कर रहे हैं. प्रस्ताव में स्टेशन के आधुनिकीकरण की भी मांग की गई है. इसके तहत स्टेशन परिसर में हाई-स्पीड वाई-फाई, ट्रेनों की सटीक जानकारी देने वाले डिस्प्ले बोर्ड, यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म शेड के निर्माण का भी सुझाव दिया गया है.

विधायक ने यह भी मांग की है कि स्टेशन पर अधिक ट्रेनों का संचालन किया जाए और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए. उनका कहना है कि इससे सीतापुर, लखीमपुर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और स्थानीय लोगों की सालों पुरानी मांग भी पूरी हो सकेगी.

पहली बार साल 2017 में विधानसभा चुनाव जीते

नीरज बोरा ने रेल मंत्रालय से जनभावनाओं को देखते हुए मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की अपील की है. बता दें कि नीरज बोरा लखनऊ उत्तर से बीजेपी विधायक है. वह पहली बार साल 2017 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. इसके बाद साल 2022 के चुनाव में दोबारा इसी सीट से जीत दर्ज की. वह पेशे से एक वरिष्ठ चिकित्सक भी हैं.

Follow Us