मानसून 4 दिन लेट! समय से चलकर कहां थम गए बदरा? 12 जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून 4 दिन देरी से आ रहा है, इधर, मौसम विभाग ने 12 जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल-बिहार में अटका मानसून अब 25 जून तक यूपी पहुंच सकता है. इस विलंब और कम बारिश की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर धान की रोपाई पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है. कई जिलों में लू का प्रकोप जारी रहेगा.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

बंगाल की खाड़ी से उठे मानसून को आज रात में ही पूर्वांचल में दस्तक देनी थी. भारतीय मौसम विभाग ने दावा किया गया था कि यह मानसून 21-22 की रात में सोनभद्र जिले से यूपी में प्रवेश करेगा और 25 जून तक पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होगी. लेकिन अब परिस्थिति पूरी तरह से बदल गई है. बंगाल की खाड़ी से मानसून बिलकुल समय पर चला तो, लेकिन बिहार बंगाल में ही अटक गया. वहां भी इस मानसून का बहुत ज्यादा असर नहीं है.

माना जा रहा है कि अब 25 जून तक ही मानसून यूपी पहुंच पाएगा. इस बीच मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है. इसमें खासतौर पर पूर्वांचल के 8 से अधिक जिलों के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार से अधिक जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है. वहीं 30 से अधिक जिलों में प्री-मानसून के तहत गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.

कैसे होगी धान की रोपाई?

अभी मानसून बिहार-बंगाल से ही आगे नहीं बढ़ पा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक वहां भी अनुमान से बहुत कम बारिश हो रही है. ऐसे में उत्तर प्रदेश पहुंचने के बाद भी बहुत ज्यादा बारिश की उम्मीद नहीं है. मानसून में देरी और कम बारिश ने अब किसानों की चिंता बढ़ा दी है. दरअसल जून के आखिर में होने वाली धान की फसल के लिए अच्छी मानी जाती है, लेकिन ऐसी बारिश में तो अब धान की रोपाई भी मुश्किल जान पड़ती है. किसानों का कहना है कि जैसे तैसे रोपाई हो भी जाए तो कम बारिश की वजह से फसल काटनी मुश्किल हो सकती है.

इन जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन में आज प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आस पास के क्षेत्र में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. राजधानी लखनऊ में भी आज आसमान साफ रहेगा. तेज धूप निकलेगी और कुछ स्थानों पर हीट वेव भी चल सकती है.

बांदा में तापमान 45 डिग्री पार

उत्तर प्रदेश का जिला बांदा लगातार सबसे गर्म जिला बना हुआ है. शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था. आज यहां अधिकतम बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है. वहीं उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल कुमार सिंह के मुताबिक कोई मौसमी तंत्र एक्टिव नहीं होने की वजह से तापमान में वृद्धि हो रही है. अभी उत्तर प्रदेश में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं.

Follow Us