अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक का निधन, पत्नी अपर्णा हैं बीजेपी नेता
भाजपा नेता अपर्णा के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया. उनकी उम्र सिर्फ 38 साल थी. सूत्रों के मुताबिक, सुबह 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया.
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का आज यानी बुधवार को निधन हो गया. उन्हें सुबह 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था. यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल, उनकी मौत की वजहें अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई हैं. बता दें कि प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. उनकी पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी नेता और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.
खराब चल रही थी तबीयत
प्रतीक का शव सिविल अस्पताल के मॉर्चरी में रखा हुआ है. उनकी केजीएमयू अस्पताल उनकी बॉडी का पोस्टमार्टम किया जाएगा. इसके बाद ही उनकी मौत की असल वजह पता चल पाएगी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसका इलाज चल रहा था. हाल ही में वह मेदांता में भी भर्ती हुए थे. उस दौरान अखिलेश यादव उनसे मिलने पहुंचे थे.
कुछ वक्त पहले पत्नी अपर्णा से हुआ था विवाद
कुछ वक्त पहले प्रतीक का अपनी पत्नी अपर्णा से भयानक विवाद हो गया था. इसको लेकर प्रतीक ने पत्नी अपर्णा पर अति गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए थे. उन्होंने पत्नी अपर्णा पर अपने परिवार से दूर करने और घर तोड़ने का आरोप लगाया था. इसके बाद अपर्णा और प्रतीक के तलाक की चर्चाएं शुरू हो गई थी.
प्रतीक-अपर्णा ने सुलझा लिया था विवाद
प्रतीक ने उस दौरान अपनी पोस्ट में लिखा था कि ‘इस महिला (अपर्णा यादव) से तलाक लेने वाला हूं. मुझे परिवार से अलग कर दिया. ये सिर्फ फेमस होना चाहती है. हालांकि, विवाद के कुछ दिनों बाद ही प्रतीक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा था कि मेरे और मेरी पत्नी के बीच एक बहुत भयानक विवाद हो गया था. इसके चलते मैंने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट डाले थे. लेकिन अब हम दोनों ने मिलकर विवाद को सुलझा लिया था.
प्रतीक ने विरोधियों को दी थी गालियां
अपने वीडियो में प्रतीक ने विरोधियों को गंदी गालियां देते हुए कहा था कि जिन लोगों को हमारे विवाद के सुलझने या फिर हमारे साथ आने से दिक्कत हो रही है, वो सबके सब भाड़ में जाएं. प्रतीक ने ऐसे लोगों को जलनखोर बताया था. लेकिन अब प्रतीक का निधन हो गया है.