90 मिनट में कानपुर से अयोध्या! NCR के बाद अब UPSCR में दौड़ेगी नमो भारत, कब शुरू होगा प्रोजेक्ट?
यूपी एससीआर में नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना है, जो कानपुर से लखनऊ के रास्ते अयोध्या तक 90 मिनट में पहुंचाएगी. यह 187 किमी लंबा कॉरिडोर ₹32,000 करोड़ का प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य औद्योगिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है. पहले चरण में नयागंज से अमौसी तक निर्माण होगा, फिर इसे अयोध्या तक विस्तारित किया जाएगा. यह उत्तर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
दिल्ली एनसीआर में चल रही हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन का रेस्पांस बेहतर मिल रहा है. इसे देखते हुए अब यूपी में स्टेट कैपिटल रीजन (UPSCR) में भी नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है. यूपी एससीआर में यह ट्रेन कानपुर, उन्नाव, लखनऊ और अयोध्या को हाई स्पीड ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने का काम करेगी. गुरुवार को एलडीए ने इस प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन दिया. इसमें बताया कि 187 किमी लंबे इस कॉरिडोर की शुरूआत कानपुर में नया गंज से होगी और इसे अयोध्या तक ले जाया जाएगा. इस कॉरिडोर पर महज 90 मिनट में नमो भारत अपना सफर पूरा कर लेगी.
एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक कानपुर से शुरू होकर उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली के रास्ते अयोध्या तक जाने वाले इस कॉरिडोर पर फिलहाल 12 स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं. हालांकि भविष्य में इस कॉरिडोर पर स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के साथ ही कॉरिडोर के विस्तार की भी गुंजाइश रहेगी. इससे बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई आदि जिले भी इस नेटवर्क में जुड़ सकेंगे. यह कवायद एससीआर में ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए किया जा रहा है.
बढ़ेंगी औद्योगिक और पर्यटन गतिविधियां
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक यह एक दूरगामी प्रोजेक्ट है. इसलिए इस प्रोजेक्ट पर चरणवद्ध तरीके से काम किया जाएगा. कॉरिडोर में पहले चरण में नयागंज से अमौसी तक लगभग 67 किमी ट्रैक बनेगा. फिर दूसरे चरण में इसे विस्तार देते हुए अमौसी से अयोध्या तक ले जाया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट से ना केवल यूपी एससीआर में आवागमन तेज होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी.
32 हजार करोड़ का है प्रोजेक्ट
एलडीए के अधिकारियों ने प्रजेंटेशन में बताया कि इस परियोजना पर कुल 32 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश सरकार इस प्रोजेक्ट को एनसीआरटीसी के सहयोग से पूरा करेगी. एलडीए द्वारा इस प्रोजेक्ट का खाका तैयार कर लिया गया है. इसमें कॉरिडोर के लिए कुल 12 स्टेशन बनाने की योजना है. ये स्टेशन कानपुर में नयागंज, उन्नाव, बशीरतगंज, नवाबगंज, बंथरा, अमौसी, सुशांत गोल्फ सिटी, जुग्गौर, बरेल, सफदरगंज, भिटारिया और अयोध्या में बनेंगे.
ऐसे आएगा विकास
अधिकारियों के मुताबिक निकट भविष्य में जुग्गौर को इंस्टीट्यूशनल डिस्ट्रिक्ट बनाने की योजना है. इसी प्रकार गोल्फ सिटी को प्रीमियम नेबरहुड, नयागंज व बंथरा को लॉजिस्टिक डिस्ट्रिक्ट, अमौसी को एयरो-हब डिस्ट्रिक्ट, नवाबगंज व अयोध्या को पर्यटन हब तथा सफदरगंज को कृषि आधारित इंडस्ट्रियल डिस्ट्रिक्ट के रूप में डवलप करने की योजना है. इसमें प्रोजेक्ट में लखनऊ को सबसे बड़ा इंटरचेंज बनाया जाएगा.
