CJP आंदोलन के विरोध में लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करेगा नवयुवक दल, देशभर में कैंडल मार्च भी
नवयुवक दल ने NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलनों को लेकर CJP पर राजनीतिक एजेंडा चलाने का आरोप लगाया है. संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत कात्यायन ने 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पर देशव्यापी कैंडल मार्च और 29 जुलाई को लखनऊ में युवा प्रदर्शन का ऐलान किया. उन्होंने NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और एंटी पेपर लीक कानून को और सख्त बनाने की मांग की.
छात्र आंदोलनों और NEET पेपर लीक के मुद्दे पर देश में जारी बहस के बीच नवयुवक दल ने सीजेपी (CJP) के आंदोलन को लेकर पलटवार किया है. संगठन ने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों की आड़ में आंदोलन को राजनीतिक दिशा देने की कोशिश की जा रही है. इसी के जवाब में नवयुवक दल ने 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पर देशव्यापी कैंडल मार्च और 29 जुलाई को लखनऊ में बड़े युवा प्रदर्शन का ऐलान किया है.
नई दिल्ली के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में नवयुवक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत कात्यायन ने कहा कि संगठन छात्रों के अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के पक्ष में है, लेकिन छात्र आंदोलनों के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता, हिंसा या राजनीतिक एजेंडे को स्वीकार नहीं किया जा सकता.
NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग
भरत कात्यायन ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध हो तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था बनाई जाए. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और सरकार को परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाना चाहिए.
CJP आंदोलन पर उठाए सवाल
नवयुवक दल ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों से वह CJP द्वारा संचालित आंदोलन पर नजर रखे हुए था. भरत कात्यायन ने आरोप लगाया कि ‘संसद चलो’ प्रदर्शन के दौरान सामने आए कुछ वीडियो, तस्वीरों और बयानों ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि अगर प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों, महिला पत्रकारों, महिलाओं, बच्चियों और पुलिसकर्मियों के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
एंटी पेपर लीक कानून को और मजबूत बनाने की मांग
भरत कात्यायन ने केंद्र सरकार से मांग की कि 2024 में लागू एंटी पेपर लीक कानून को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए और परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए.
26 जुलाई को देशभर में कैंडल मार्च
नवयुवक दल ने ऐलान किया कि 26 जुलाई, कारगिल विजय दिवस पर देशभर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा. दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक सहित उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और देश के विभिन्न राज्यों में युवाओं द्वारा कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी. भरत कात्यायन ने कहा कि आज के युवाओं के वास्तविक आदर्श वे सैनिक हैं जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया.
29 जुलाई को लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन
नवयुवक दल ने यह भी ऐलान किया कि अगर 26 जुलाई तक वर्तमान छात्र आंदोलन खत्म नहीं होता तो 29 जुलाई को लखनऊ में बड़ा लोकतांत्रिक प्रदर्शन किया जाएगा. भरत कात्यायन ने कहा कि यह प्रदर्शन युवाओं के सहयोग से आयोजित होगा और इसका उद्देश्य छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा राष्ट्रहित के मुद्दों पर जनजागरण करना होगा. नवयुवक दल ने देशभर के युवा संगठनों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की.