98 साल की हुई UP विधानसभा की बिल्डिंग, होगी रिटायर; संसद भवन की तर्ज पर यहां बनेगी नई इमारत
उत्तर प्रदेश विधानसभा की 98 साल पुरानी इमारत अब रिटायर हो रही है. लखनऊ के सहारा शहर में 100 करोड़ की लागत से संसद भवन की तर्ज़ पर नया भव्य विधान भवन कॉम्प्लेक्स बनेगा. इसमें मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और ई-विधानसभा जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी. LDA ने निर्माण के लिए कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है, कार्य इसी साल शुरू होने की संभावना है.
यूपी विधानसभा की बिल्डिंग अब रिटायर होने जा रही है. 98 साल की हो चुकी इस बिल्डिंग का उद्घाटन 21 फरवरी 1928 को हुआ था. उस समय की परिस्थितियों के हिसाब से यह कैंपस काफी बड़ा था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के हिसाब से छोटा पड़ रहा है. ऐसे में काफी समय से इस बिल्डिंग को रिटायर करने पर विचार किया जा रहा था. अब उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी विधानसभा को यहां से एक बेहद खूबसूरत लोकेश पर शिफ्ट करने की योजना तैयार कर ली है. इस लोकेशन पर करीब 100 करोड़ की लागत से नए विधानसभा भवन का निर्माण किया जाएगा.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने नई विधानसभा के लिए गोमती नगर के सहारा शहर में जगह चिन्हित की है. इस जमीन पर विधान भवन कॉम्प्लेक्स की डिजाइन और नियोजन के लिए एलडीए ने कंसल्टेंट व आर्किटेक्ट चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. इस संबंध में एलडीए की ओर से टेंडर जारी कर दिए गए हैं. इस कॉम्प्लेक्स में विधानसभा भवन के अलावा सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर भी शामिल हैं. एलडीए द्वारा जारी रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) के मुताबिक, इच्छुक कंपनियां 23 मई से 21 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगी.
इसी साल शुरू होना है निर्माण कार्य
एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक कंसल्टेंट चयन के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाया जाएगा. इसी डीपीआर में निर्माण की कुल लागत और समय सीमा तय होगी. अधिकारियों के अनुसार, इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. सहारा शहर की करीब 245 एकड़ पर जमीन पर इस भव्य कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा. इसमें 170 एकड़ जमीन नगर निगम की और 75 एकड़ एलडीए की है. यह जमीन वर्ष 1994 में सहारा इंडिया को लीज पर दी गई थी, जिसे प्रशासन ने सितंबर 2025 में सील किया और अक्टूबर 2025 में खाली करा लिया था.
क्या कहते हैं अधिकारी?
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक “सहारा शहर की जमीन पर विधान भवन कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए कंसल्टेंट और आर्किटेक्ट चयन का टेंडर जारी कर दिया गया है. चयन प्रक्रिया पूरी होते ही प्लानिंग का काम शुरू हो जाएगा.” कुछ महीने पहले ही इस जमीन की पैमाइश और अन्य तकनीकी तैयारियां शुरू कर दी गई थीं. बता दें कि मौजूदा विधानसभा भवन पुराना और अपर्याप्त हो चुका है. लंबे समय से सरकार बड़े भूखंड की तलाश कर रही थी, जहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया विधान भवन कॉम्प्लेक्स बनाया जा सके. सहारा शहर की खाली पड़ी विशाल जमीन इस परियोजना के लिए आदर्श स्थान साबित हुई है. नए कॉम्प्लेक्स में आधुनिक आर्किटेक्चर, पर्याप्त पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एरिया और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना है.
नई बिल्डिंग में क्या होगा खास?
यूपी विधानभा की प्रस्तावित बिल्डिंग कई मामले में अनूठी होगी. संसद भवन की तर्ज पर बनने वाली इस बिल्डिंग कैंपस में विधानसभा तो होगी ही, इसी में विधान परिषद, मुख्यमंत्री का आवास और ऑफिस, मंत्री-विधायकों के चैंबर, विशाल पार्किंग, ग्रीन बेल्ट और सचिवालय भी बनेगा. यह कैंपस ‘ई-विधानसभा’ के रूप में तैयार होगा, जहां सारा कामकाज पेपरलेस होगा. इसकी प्लानिंग और डीपीआर के लिए LDA ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के साथ MoU साइन किया है.