‘जिन्ना को आदर्श मानने वाले…’ अखिलेश पर ओमप्रकाश का बड़ा हमला, कहा- आसमान में उड़ा रहे भैंस
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को 'समाज तोड़क' व जिन्ना को आदर्श मानने वाला बताया है. उन्होंने अखिलेश पर ऑपरेशन सिंदूर पर झूठ फैलाने, अफवाहबाजी करने और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. कहा कि अखिलेश की राजनीति केवल ट्विटर तक सीमित है, और वह जनता की गाढ़ी कमाई से अय्याशी कर रहे हैं. उनकी राजनीति को 'भैंस उड़ाना' जैसा असंभव बताया गया.
उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है. ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को तोड़क समाज का बताते हुए कहा कि उनके आदर्श जिन्ना हैं. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में देश के 11 लड़ाकू विमानों के गिरने का देश विरोधी झूठ परोसने का आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव समाज तोड़क राजनीति करते हैं.
कहा कि 2017 का चुनाव हारने के बाद उनके पास बचा भी क्या है? सिर्फ महल बचा है, अकूत रुपया पैसा बचा है. उनके पास इतना पैसा बचा है कि वह दस साल से किराए के हवाई जहाज में घूम रहे हैं. पहले वह मुख्यमंत्री थे, उस समय उन्होंने जनता की गाढ़ी कमाई को निचोड़ लिया था और इस प्रकार जुटाए गए धन को अपनी अय्याशी पर खर्च कर रहे हैं. अखिलेश यादव की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ओमप्रकाश ने कहा कि उन्हें अफवाहबाजी से ही फुरसत नहीं है.
झूठ परोसना ही उनका काम
मंत्री राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव का काम ही झूठ परोसना है. यह स्वाभाविक भी है और वह उनसे यही अपेक्षा भी करते हैं. दरअसल, झूठ परोसना, अफवाहबाजी करना सबसे आसान है और अखिलेश यादव यही करते हैं. उनकी पूरी राजनीति ही ट्विटर, एसी और पीसी पर निर्भर है. उनसे समाज तोड़क अफवाहबाजी से अलग राजनीति की अपेक्षा ही नहीं की जा सकती. यदि कोई ऐसी अपेक्षा करता है तो उसकी मूर्खता है.
आसमान में उड़ाते हैं भैंस
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश से अलग राजनीति की अपेक्षा करना भैंसों को आसमान में उड़ाने जैसा है. अखिलेश और उनसे जुड़े लोग कुछ भी कर सकते हैं. आसमान में अपनी भैंसे उड़ा सकते है. अखिलेश खुद भी आसमान में भैंस उड़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर तो जमीन पर भैंस चरा सकता है लेकिन आसमान में भैंस उड़ाने की कला में केवल सैफई कुनबा ही पारंगत है.