‘आज 6 जून है, सोचा कि याद दिला दूं…’ OP राजभर ने अखिलेश को दिखाया आइना, सोशल मीडिया में लिखी बड़ी बात

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने 6 जून 2013 की घटना याद दिलाकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने एक पुरानी खबर का स्क्रीनशॉट के साथ आरोप लगाया कि सपा सरकार ने 2007 के बम धमाकों के आतंकियों के मुकदमे वापस लेने की कोशिश की थी. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस पर कड़ा रुख अपनाया था. राजभर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए सपा को 'आतंक का जड़' बताया.

मंत्री ओमप्रकाश राजभर Image Credit:

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को आइना दिखाया है. उन्होंने 6 जून 2013 की एक खबर का स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा है कि ‘उम्मीद ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि हमेशा की तरह आप बेखबर होंगे, मस्त और बिना काम के व्यस्त होंगे.’ फिर उन्होंने आगे लिखा कि आज 6 जून है, इसलिए सोचा आपको आपकी करतूत याद दिला दूं. आज ही के दिन 2013 में आपको और आपकी सरकार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खूब कसकर रगड़ा था.

इतना लिखने के ओमप्रकाश राजभर ने उनसे पूछा भी है कि ‘याद आया?’ नहीं याद आया तो आपको बता देता हूं. ओपी राजभर ने खबर का स्क्रीन शॉट शेयर करते हुए लिखा कि 2007 के लखनऊ, वाराणसी और फैजाबाद बम धमाकों के आतंकियों के खिलाफ मुकदमे वापस लेने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आपकी समाजवादी सरकार पर सवाल उठाए थे. सरकार ने दो दिन के अंदर सभी आरोपियों की सूची तलब की थी. इन घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई थी. वहीं 60 से अधिक लोग घायल हुए थे.

सपा का गढ़ आतंक का जड़

ओमप्रकाश राजभर यहीं नहीं रूके, उन्होंने पोस्ट में लिखा कि सपा का गढ़ माने आतंकवाद की जड़. फिर कहा कि खबर का स्क्रीन शॉट लगा दिया हूं. टाइम मिले तो पढ़ लीजिएगा. इससे कम से कम आपको अपने पापकर्म याद आ जाएंगे. ऐसे में जब आप 2027 का चुनाव हारेंगे तो EVM और SIR ठिकरा नहीं फोड़ पाएंगे. इसी क्रम में ओमप्रकाश राजभर ने सपा कार्यकर्ताओं पर भी करारा प्रहार किया. कहा कि हमको गाली देकर संतोष पाने वाले वालों सपाई लोडरों तुम भी पढ़ लो. अंग्रेजी तो आती नहीं, इसलिए तुम लोगों के लिए हिंदी में भी लिख दे रहा हूं.

रोज पोस्ट करते हैं मंत्री ओमप्रकाश

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव र निशाना साधते हुए रोज एक नया पोस्ट करते हैं. इसमें पुराने मामलों को याद दिलाते हुए अखिलेश यादव पर हमला करते हैं. कभी उन्हें एसी और पीसी वाला नेता बताते हैं तो कभी टेंपू चलाते हुए उनके विरोध में प्रदर्शन करते हैं. बता दें कि 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटे ओमप्रकाश राजभर अखिलेश यादव पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं.

Follow Us