यूपी में 12 जुलाई तक हो जाएंगे त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव, योगी सरकार के मंत्री का दावा

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आगामी पंचायत चुनावों की महत्वपूर्ण घोषणा की है. उन्होंने बताया कि अगली कैबिनेट बैठक में ओबीसी आयोग का गठन किया जाएगा और 12 जुलाई तक प्रदेश में पंचायत चुनाव संपन्न करा लिए जाएंगे. राजभर के अनुसार, चुनाव 2011 की पुरानी व्यवस्था पर ही होंगे, जिससे प्रक्रिया में देरी नहीं होगी और गांव की नई सरकार समय पर अस्तित्व में आ जाएगी.

मंत्री ओमप्रकाश राजभर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में इस चुनाव की टाइम लाइन बताते हुए कहा कि अगली कैबिनेट मीटिंग में ओबीसी आयोग का गठन हो जाएगा. इसके बाद 12 जुलाई तक पंचायत चुनाव भी करा लिए जाएंगे. उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि इसमें उन्हें कहीं कोई दिक्कत नजर नहीं आ रही.

उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश समय पर चुनाव करने के लिए है. इसके लिए सरकार तैयार है. पंचायती राज विभाग के अधीन ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष सभी के कार्यकाल 12 जुलाई तक हैं. इससे पहले चुनाव हो जाएंगे. इसके लिए सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तरह से तैयार है. इसके लिए जरूरी तैयारियां भी पूरी कर ली गई है. उन्होंने ओबीसी आयोग के सवाल पर कहा कि अगली बैठक में इसका भी गठन हो जाएगा.

पुरानी व्यवस्था पर होंगे चुनाव

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव 2011 के आधार पर ही होना है. इसलिए इसमें ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुनाव पुरानी व्यवस्था पर ही होना है तो इसमें पिछड़ा वर्ग आयोग कौन-सी अलग गणित बैठा लेगा. इसलिए इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए. चुनाव समय पर होंगे और 12 जुलाई से पहले गांव की नई सरकार अस्तित्व में आ जाएगी. उधर, पंचायतीराज विभाग के डायरेक्टर अमित कुमार सिंह ने भी शासन को प्रस्ताव भेजने की बात कही है. उन्होंने कहा कि निदेशालय ने शासन को ओबीसी आयोग के गठन का प्रस्ताव भेज दिया है.

2027 में एनडीए की सरकार

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी ओमप्रकाश राजभर ने टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में भी NDA की सरकार बन रही है. हमारा गठबंधन भारी बहुमत से जीतने वाला है. अगली सरकार में सीएम बीजेपी का होगा. बाकी सहयोगी दलों से मंत्री बनेंगे. इसलिए गठबंधन में कोई विवाद नहीं है. उन्होंने दरोगा भर्ती परीक्षा में पंडित शब्द पर उठे बवाल पर कहा कि बेवजह विवाद खड़ा हो गया. पेपर बनाने वालों को इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

अफवाह की वजह से गैस की किल्लत

मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी गैस की किल्लत नहीं है. गैस एजेंसियों पर जो कतारें लग रही हैं, उसकी वजह अफवाह है. सबके घरों में सिलेंडर भरे पड़े हैं, फिर भी लोग अफवाह की वजह से जमा करने लग गए हैं. व्यवस्था ऑनलाइन बुकिंग करने की है, लेकिन लोग सीधे सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचने लगे हैं. बावजूद इसके, सरकार व्यवस्था बनाने में जुटी है.

Follow Us