लखनऊ: पत्नी के सिर पर पत्थर से किए ताबड़तोड़ वार, मौत के बाद बच्चे को लेकर घूमता रहा सिपाही

लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में एक सिपाही ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी बच्चे के साथ घूमता रहा, फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है.

लखनऊ में सिपाही ने पत्नी की बेरहमी से हत्या की Image Credit:

लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र की पेपर मिल कॉलोनी में रविवार को एक सिपाही ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. महिला का शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला. उसके सिर के आसपास खून के निशान थे. यही नहीं, आरोपी सिपाही पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद करीब 3 घंटे तक अपने बच्चे को लेकर घुमता रहा. बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मृतका की पहचान 40 वर्षीय रश्मि श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति हिमांशु श्रीवास्तव बताया जा रहा है. आरोपी लखनऊ कमिश्नरेट के सूचना अधिकार प्रकोष्ठ में तैनात मुख्य आरक्षी है. वह साल 2011 बैच का सिपाही बताया जा रहा है.

पत्नी के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार

जानकारी के मुताबिक, हिमांशु और रश्मि की शादी साल 2015 में हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था. पिछले करीब दो साल से दोनों पेपर मिल कॉलोनी में मकान मालिक अंशुमान श्रीवास्तव के यहां किराए पर रह रहे थे. करीब एक साल पहले उनके घर बच्चे का जन्म हुआ था. वही, घटना वाले दिन भी दोनों में झगड़ा हुआ था.

रविवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हिमांशु ने रश्मि के सिर पर पत्थर से कई बार तेजी से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से रश्मि की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घर के अंदर महिला का शव फर्श पर पड़ा मिला.

हत्या के बाद बच्चे को लेकर घूमता रहा

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. वहीं, घटना के बाद आरोपी के व्यवहार ने पुलिस को भी चौंकाया. पुलिस के मुताबिक, हिमांशु करीब ढाई घंटे तक मकान मालिक के पास बैठा रहा. इसके बाद वह करीब तीन घंटे तक बच्चे को अपने साथ लेकर घूमता रहा.

इसी बीच मकान मालिक की ओर से डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना में बताया गया कि किरायेदार हिमांशु ने अपनी पत्नी की मौत की जानकारी दी है. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मृतका के भाई सौरभ श्रीवास्तव पुत्र शेषमणि श्रीवास्तव, निवासी तहापुर मालिकपुर, अम्बेडकरनगर की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आरोपी पति हिमांशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Follow Us