पुलिस ने किया था बाइक का चालान, गुस्साए लाइनमैन ने काट दी थाने की बिजली; मचा हड़कंप
पुलिस ने बिजली विभाग में तैनात एक लाइनमैन की बाइक का चालान कर दिया था. इससे गुस्साए लाइनमैन ने भी थाने और संबंधित पुलिस चौकियों की बिजली काट दी. इसकी जानकारी मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हैरान वाली घटना हुई है. यहां पुलिस ने बिजली विभाग में तैनात एक लाइनमैन की बाइक का चालान कर दिया था. इससे गुस्साए लाइनमैन ने भी थाने और संबंधित पुलिस चौकियों की बिजली काट दी. इसकी जानकारी मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया. अधिकारियों ने लाइनमैन की बाइक का चालान काटने वाले दरोगा को फटकार लगाई, चालान रद्द कराने भरोसा दिया. इसके बाद दूसरी टीम भेजकर थाने और चौकियों में बिजली बहाल कराई गई.
जानकारी के मुताबिक लखनऊ में लेसा के समेसी उपकेंद्र पर तैनात संविदाकर्मी अमरेंद्र, दीपक और शत्रोघन लाल सोमवार की शाम को पेट्रोलिंग पर निकले थे. समेसी इंदिरा नहर पुल के पास ट्रैफिक पुलिस के दरोगा अनुज भाटी वाहनों की चेकिंग कर हे थे. उन्होंने बिना हेलमेट बाइक चला रहे इन लाइनमैनों को रोका और छह हजार रुपये का चालान काट दिया. इससे आक्रोशित लाइनमैनों ने भी तुरंत सब स्टेशन पहुंचकर थानों के बकाये की फाइलें खंगालनी शुरू कर दी.
थाने और चौकियों की काटी बिजली
इसके बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने बकाये का हवाला देते हुए पहले नगराम थाने की बिजली काटी, फिर हरदोइया और
देवीखेड़ा पुलिस चौकी का कनेक्शन काट दिया. कहा कि नगराम थाने पर लगभग 3.5 लाख रुपए का बकाया है. जबकि हरदोइया चौकी और देवीखेड़ा बूथ पर भी करीब 1.5-1.5 लाख रुपये की बिजली बिल पेंडिंग है. थाने चौकियों की बिजली कटते ही काम काज ठप हो गया. वहीं इसकी सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया.
दरोगा को पड़ी फटकार
जानकारी होने पर नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने दरोगा अनुज भाटी को कड़ी फटकार लगाई. साथ ही उन्होंने लाइनमैनों को भरोसा दिया कि जल्द ही उनका चालान वापस हो जाएगा. हालांकि उस समय तक लाइनमैनों ने अपना फोन बंद कर लिया था, इसलिए उनसे बात नहीं हो सकी. ऐसे में दूसरी टीम भेजकर थाने और चौकियों में बिजली चालू कराई जा सकी. इस दौरान कई घंटे तक थाने और चौकियों में अंधेरा पसरा रहा.
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
इसी तरह की घटना राजधानी में पहले भी हो चुकी हैं. साल 2019 में मलिहाबाद में एक लाइनमैन का पुलिस ने चालान किया था. इसके बाद लाइनमैन ने सब स्टेशन जाकर मलिहाबाद थाने के बिजली बिल का रिकॉर्ड खंगाला और आकर थाने की बिजली काट दी. उस समय भी अधिकारियों के हस्तक्षेप से करीब 6 घंटे बाद बिजली चालू हो सकी थी. इसी प्रकार की घटना गोमती नगर और आशियाना क्षेत्र में भी अक्तूबर 2020 में हो चुकी है.