राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में FIR की मांग, सवर्ण मोर्चा ने थाने में दी तहरीर; चंपत राय का भी नाम

सवर्ण मोर्चा ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी के आरोप में FIR की मांग की है. तहरीर में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों के नाम हैं. संगठन ने इसमें क्रिमिनल ब्रीच ऑफ ट्रस्ट का गंभीर आरोप लगाया है.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सवर्ण मोर्चा ने थाने में तहरीर दी

लखनऊ के हजरतगंज थाने में सवर्ण मोर्चा ने शुक्रवार को राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के आरोप में शिकायती पत्र सौंपा है. इसमें करोड़ों सनातनियों की आस्था को ठेस पहुंचने का आरोप लगाया है. साथ ही कहा कि यह क्रिमिनल ब्रीच ऑफ ट्रस्ट और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है. तहरीर में श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत अन्य के नाम हैं.

सवर्ण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप सिंह ने चढ़ावा चोरी के संबंध में तहरीर दी है. इसमें चंपत राय के अलावा, ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा, गोपाल राय, टिन्नू यादव और कई अज्ञात पदाधिकारी के खिलाफ FIR की मांग की गई है. इसमें यह भी कहा गया है कि ये लोग ट्रस्ट के बड़े पदों पर आसीन है और पूरे चढ़ावे की सुरक्षा प्रबंध इन्हीं की देखरेख में होता है.

यह क्रिमिनल ब्रीज आफ ट्रस्ट और धोखाधड़ी

तहरीर के माध्यम से उसमें लिखा गया है की सभी पदाधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया और मंदिर के खजाने चढ़ावे में से बड़ी धनराशि और कीमती सामान का गबन चोरी किया है या कराया है. यह सीधे तौर पर आपराधिक न्याय संघ क्रिमिनल ब्रीज आफ ट्रस्ट और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है.

संगठन का कहना है कि इस कृत्य से न केवल प्रभु श्री राम के मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है बल्कि देश के करोड़ों सनातनी और सवर्ण समाज के धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है. इस मामले में जो दोषी पदाधिकारी है, उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराई जाए.

11 महीने में 10 करोड़ खर्च, लेकिन सुरक्षा नहीं

सवर्ण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि हमारे आराध्य प्रभु श्री राम के मंदिर में भ्रष्टाचार हो रहा है. ट्रस्ट में केंद्र सरकार ने जिन लोगों को बिठाया उसने ध्यान नहीं रखा है. मंदिर निर्माण के लिए सबसे ज्यादा लड़ाई निर्मोही अखाड़ा और गोरखनाथ पीठ में लड़ी है, उन लोगों को नहीं रखा गया और बाहर से रख दिया गया.

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की सुरक्षा में 11 महीने में 10 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं. लेकिन सुरक्षा हो नहीं पा रही और चोरी हो गई. ऐसी स्थिति में फिर FIR दर्ज होनी चाहिए क्योंकि यह आस्था का विषय है. हमने अपनी तहरीर कोतवाली हजरतगंज में प्रभारी विक्रम सिंह को दी है और यह अपेक्षा की गई है इसपर जल्द FIR दर्ज की जाएगी.

Follow Us