यूपी रोडवेज में महंगा हुआ सफर, जानें किस रूट पर कितना बढ़ा किराया

यूपी रोडवेज में 1 अप्रैल से बस किराया 1 रुपये से 6 रुपये तक बढ़ गया है. यह बढ़ोतरी NHAI द्वारा टोल दरों में वृद्धि के कारण हुई है. लखनऊ से प्रयागराज, वाराणसी जैसे टोल प्लाजा वाले रूटों पर यात्रा महंगी हो गई है, जिससे आम यात्रियों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ा है. निगम के अनुसार, जिन रूटों पर टोल नहीं है, वहां किराया समान रहेगा.

यूपी रोडवेज बसों में बढ़ा किराया

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम UPSRTC की बसों में यात्रा अब महंगी हो गई है. परिवहन निगम ने टोल दरों में बढ़ोतरी के चलते 1 अप्रैल से यात्री किराए में एक रुपये से छह रुपये तक की बढोत्तरी की है. इससे लखनऊ से प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच, गोरखपुर और दिल्ली जाने वाली बसों का किराया बढ़ गया है. इससे आम यात्रियों पर महंगाई के इस दौर में अतिरिक्त बोझ पड़ा है.

परिवहन निगम लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय के मुताबिक टोल दरें बढ़ने की वजह से यात्री किराए में बढ़ोत्तरी की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बढोत्तरी केवल उन्हीं रूटों पर हुई है, जिनपर टोल प्लाजा हैं. उन्होंने बताया कि नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. कहा कि जिन रूटों पर टोल प्लाजा नहीं हैं, उनपर यात्री किराया यथावत हैं. इन सभी रूटों पर पुरानी दरें ही लागू हैं.

इन रूटों पर असर

यात्री किराए का असर कुछ ही रूटों पर देखा जा रहा है. इनमें आलमबाग से प्रयागराज शामिल है. इस रूट पर पहले 302 रुपये किराया था, अब छह रुपये बढ़कर किराया 308 रुपये हो गया है. इसी प्रकार आलमबाग से वाराणसी का किराया पहले 473 रुपये था, वह बढ़कर 476 रुपये हो गया है. इस रूट पर तीन रुपयें की बढ़ोतरी हुई है. वहीं कैसरबाग से बहराइच का किराया 192 रुपये की जगह अब 193 रुपये हो गया है. कैसरबाग से गोरखपुर पहले 435 रुपये किराया था, लेकिन अब 437 रुपये और कैसरबाग से दिल्ली का किराया 776 रुपये की जगह 781 रुपये हो गया है.

एनएचएआई ने बढ़ाया है टोल

एनएचएआई ने एक अप्रैल से टोल दरों में बढ़ोत्तरी की है. बढ़ी हुई टोल दरें सभी टोल प्लाजा पर लागू भी हो चुकी है. यह बढोत्तरी वार्षिक पास पर भी हुई है. अब तक 3000 रुपये में वार्षिक पास बनता था, उसके लिए अब 3075 रूपये वसूले जा रहे हैं. इसी प्रकार एनएचएआई के टोल प्लाजा पर सभी छोटी बड़ी गाड़ियों के लिए 5 से 50 रुपये तक की बढ़ोत्तरी की गई है.

Follow Us