‘बात सीट की नहीं, जीत की’, गठबंधन पर अखिलेश के इस बयान के क्या हैं सियासी मायने?

अखिलेश यादव ने साफ कहा है कि 'बात सीट की नहीं, जीत की है' और पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. राजनीतिक जानकार इसे कांग्रेस के लिए रणनीतिक संदेश मान रहे हैं. दूसरी ओर कांग्रेस भी यूपी में संगठन मजबूत करने और ज्यादा सीटों की दावेदारी की रणनीति पर काम कर रही है. अखिलेश के बयान के सियासी मायने क्या हैं?

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हो, लेकिन समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सियासी संदेशों का दौर शुरू हो गया है. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ कहा कि बात सीट की नहीं, जीत की है. अखिलेश का दावा है कि समाजवादी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है. इधर कांग्रेस भी यूपी में अपना संगठन मजबूत करने और ज्यादा सीटों की दावेदारी की रणनीति पर काम कर रही है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या 2027 में इंडिया गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर टकराव बढ़ने वाला है?

लखनऊ में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य केवल सीटों की संख्या तय करना नहीं, बल्कि चुनाव जीतना है. अखिलेश ने साफ कहा कि सपा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारी शुरू कर दी है और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह बयान सिर्फ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस को भी साफ संदेश देने के लिए है.

मायावती के मुलाकात की कोशिश के जरिए क्या संदेश देना चाहती थी कांग्रेस?

दरअसल, हाल के दिनों में कांग्रेस नेताओं की बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के प्रति नरम रवैये की चर्चा तेज हुई है. कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया और राजेंद्र पाल गौतम ने मायावती से मुलाकात की कोशिश की, हालांकि उन्हें अपॉइंटमेंट नहीं मिला, लेकिन इस घटनाक्रम ने सपा खेमे में यह संदेश जरूर दिया कि कांग्रेस भविष्य के राजनीतिक विकल्प खुले रखना चाहती है. यही वजह है कि अब अखिलेश यादव भी गठबंधन की राजनीति में अपनी ताकत दिखाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं. सपा इन दिनों PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को मजबूत करने में जुटी है.

100 सीटों की दावेदारी कर रही है कांग्रेस, लेकिन सपा क्या चाहती है?

अखिलेश यादव लगातार कह रहे हैं कि यह 95 प्रतिशत आबादी की लड़ाई है और सामाजिक न्याय का आंदोलन है. सपा बेरोजगारी, आरक्षण, संविधान और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने की तैयारी कर रही है. पार्टी का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन और PDA समीकरण के जरिए वह 2027 में भाजपा को चुनौती दे सकती है. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव में करीब 100 सीटों की दावेदारी चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी सीट शेयरिंग के बजाय ‘जिताऊ उम्मीदवार’ और ‘ग्राउंड स्ट्रेंथ’ पर जोर दे रही है.

दलित नेतृत्व को मजबूत करने की कोशिश कर रही है कांग्रेस

सपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश में पार्टी का मजबूत कैडर और बूथ नेटवर्क है, जिसका फायदा गठबंधन सहयोगियों को भी मिलता है. हाल ही में सपा ने चुनावी रणनीति में बदलाव करते हुए I-PAC जैसी एजेंसियों से दूरी बनाई और जमीनी संगठन पर फोकस बढ़ाया है. दूसरी तरफ कांग्रेस का दावा है कि 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी में इंडिया गठबंधन की सफलता में उसकी बड़ी भूमिका रही. कांग्रेस मानती है कि दलित वोटों का झुकाव गठबंधन की तरफ लाने में उसकी भूमिका अहम थी. इसी वजह से कांग्रेस अब यूपी में दलित नेतृत्व को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है.

अखिलेश का संदेश- उत्तर प्रदेश में गठबंधन की धुरी वही हैं

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव का ‘403 सीटों पर तैयारी’ वाला बयान एक रणनीतिक दबाव की राजनीति है. इसके जरिए सपा यह संदेश देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन की धुरी वही है और बिना सपा के कोई भी विपक्षी समीकरण अधूरा रहेगा. हालांकि, अखिलेश कई बार सार्वजनिक तौर पर यह भी कह चुके हैं कि कांग्रेस और सपा साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन सीटों को लेकर अंतिम फैसला दोनों दलों की ताकत, सामाजिक समीकरण और राजनीतिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा. फिलहाल गठबंधन के भीतर ताकत दिखाने का दौर शुरू हो चुका है.

Follow Us