सावन मेले में टूटा झूला, आधा दर्जन लोग घायल; राजधानी लखनऊ में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर में सावन मेले में एक झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें एक लड़की को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक है. सूचना पर पुलिस व प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और झूले को बंद करा दिया. घटना के कारणों की जांच जारी है.

सावन मेले में टूटा झूला Image Credit:

राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर सेक्टर 8 स्थित कबीर लॉन में आयोजित सावन महोत्सव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां आयोजित में लगे झूला टूटने की वजह से आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए. इनमें एक लड़की को मल्टी फ्रैक्चर आए हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने सभी लोगों को रेस्क्यू करते हुए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है. इसी के साथ मेले में झूला बंद करा दिया है. पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है.

जानकारी के मुताबिक इंदिरा नगर सेक्टर 8 के पास सावन मेला लगा है. इसमें कई तरह के झूले भी लगे हैं. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक मेले में सबकुछ ठीक चल रहा था. अचानक एक झूले की ट्रॉली टूट गई. इससे गिरकर 5 से 6 लोग घायल हो गए. आनन फानन में इन सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इतने में सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मेले में झूला बंद करा दिया है.

ऐसे हुआ हादसा

सुषमा हॉस्पिटल के सीईओ अर्पित सिंगम के मुताबिक अस्पताल के सामने ही मेला चल रहा है. एक झूले की एक ट्राली टूटने की वजह से यह हादसा हुआ है. उन्होंने बताया कि पहले एक ट्रॉली गिरी. इसके बाद एक के बाद एक दूसरी ट्रॉलियां गिरती चली गईं. सूचना मिलते ही उन्होंने अस्पताल की टीम अलर्ट कर दिया. इतने में सभी घायलों को अस्पताल लाया गया. इन सभी का इलाज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि घायलों के साथ अस्पताल में 30 से 40 लोगों की भीड़ आ गई थी. हालांकि इमरजेंसी में चार-पांच मरीजों की संख्या ही थी. इनमें भी दो-तीन लोग प्राथमिक उपचार के बाद चले गए. बाकियों को भर्ती किया गया है.

एक लड़की की हालत नाजुक

उन्होंने बताया कि इस हादसे में एक लड़की को मल्टी फ्रैक्चर की जानकारी मिली है. उसके टेस्ट कराए गए हैं, रिपोर्ट आने पर वास्तविक स्थिति पता चलेगी. फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. उधर, घायल लड़की की मां ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गई थीं. वहां उनकी बेटी नीचे गिरी थी और लोग चिल्ला रहे थे. एक सीट भी उनकी बेटी के चेहरे पर गिरी, जिसकी वजह से उसके दांत टूट गए हैं. इस हादसे को लेकर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us