चौथी मंजिल से कूदा या फेंका गया शिवा? जानने के लिए श्रद्धा के फ्लैट में पुलिस ने रीक्रिएट किया क्राइम सीन
लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने श्रद्धा दुबे के फ्लैट में क्राइम सीन रीक्रिएट किया. फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक तरीकों से यह जानने की कोशिश की कि शिवा चौथी मंजिल से कूदा या उसे फेंका गया. अब फॉरेंसिक रिपोर्ट से वारदात की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में सभी नामजद आरोपी अरेस्ट हो चुके हैं. मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने वारदात कबूल लिया है, लेकिन वह अपने बयान में अलग ही कहानी बता रही है. ऐसे में कत्ल की रात आखिर हुआ क्या था, यह जानने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को फोरेंसिक टीम के साथ श्रद्धा दुबे के फ्लैट में क्राइम सीन रीक्रिएट किया.
शिवा शर्मा की हाईट, वजह और डील-डौल वाला एक पुतला बनाकर श्रद्धा की फ्लैट से तीन अलग अलग तरीकों से नीचे गिराया गया. इस दौरान फ्लैट के अंदर और नीचे जहां शिवा शर्मा का शव पड़ा था, वहां फोरेंसिक टीम के लोग मौजूद थे. इस टीम ने वैज्ञानिक तरीकों से यह जानने की कोशिश की कि शिवा शर्मा चौथी मंजिल पर स्थित श्रद्धा के फ्लैट से गिरा या उसे गिराया गया.
फ्लैट से लिए सैंपल
इसके अलावा इस टीम ने फ्लैट के अंदर भी विभिन्न एंगल से वारदात की पूरी कहानी जानने की कोशिश की. इस दौरान अलग अलग स्थानों से कुछ सैंपल लिए गए, कुछ तस्वीरें खीचीं गईं और फिंगर प्रिंट के अलावा कुछ स्थानों से डीएनए भी उठाए गए हैं. माना जा रहा है कि फोरेंसिक एकस्पर्ट जल्द ही अपनी रिपोर्ट में वारदात की पूरी कहानी बयां कर सकते हैं.
अबूझ पहेली बनी वारदात
इस वारदात के एक महीने से भी अधिक का समय गुजर चुका है. 9 अक्टूबर को हुई इस वारदात में शुरूआती 11 दिन तो श्रद्धा दुबे और पुलिस की लुकाछिपी के खेल में गुजर गए. इसके बाद सीएम के संज्ञान लेने पर एसटीएफ ने श्रद्धा दुबे को अरेस्ट तो कर लिया, लेकिन अभी पुलिस इस वारदात के जल्द खुलासे के बजाय धीमी चाल चल रही है. इसकी वजह से अभी तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पायी है.
क्या है पूरा मामला?
लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली श्रद्धा दुबे के फ्लैट से 9 अक्टूबर की रात उसके बॉयफ्रेंड और कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थिति में गिरने से मौत हो गई थी. इस मामले में शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश समेत अन्य के खिलाफ हतया का मुकदमा दर्ज कराया था. फिलहाल यह तीनों आरोपी जेल में हैं.
मामले में अब तक क्या हुआ?
- 9 अक्टूबर: हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
- 10 अक्टूबर: शिवा की मां रंजना शर्मा की शिकायत पर हजरतगंज थाने में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश, आदिल समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
- 13 अक्टूबर: पुलिस ने श्रद्धा, रश्मि और दानिश पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया.
- 15 अक्टूबर: सोशल मीडिया पर श्रद्धा दुबे के वीडियो सामने आए. वीडियो में श्रद्धा ने शिवा की मौत को आत्महत्या बताते हुए खुद को निर्दोष बताया. साथ ही शिवा के कर्ज और जेवर ले जाने से जुड़े दावे भी किए.
- 16 अक्टूबर: पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नेपाल पुलिस से मदद मांगी.
- 17 अक्टूबर: श्रद्धा दुबे, रश्मि और दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया.
- 18 अक्टूबर: पुलिस ने आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की और तीनों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी.
- 20 अक्टूबर: लखनऊ पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नागपुर से श्रद्धा दुबे, रश्मि और चालक दानिश को गिरफ्तार किया.
- 21 अक्टूबर: तीनों आरोपियों को नागपुर कोर्ट में पेश किया गया। इसी दिन यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा के मित्र और मैनेजर बताए गए नामजद आरोपी आदिल को भी गिरफ्तार किया.
- 22 अक्टूबर: श्रद्धा, रश्मि और दानिश को लखनऊ कोर्ट में पेश किया गया. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
- 31 अक्टूबर: कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ा दी गई.