शिवानी की हत्या की गुत्थी सुलझी, दूसरे से हुई सगाई तो बॉयफ्रेंड ने किया मर्डर

लखनऊ के शिवानी मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है. शिवानी को जान लेने वाला उसका खुद का बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी निकला. प्रेम मांझी ने शिवानी के मोबाइल में किसी और युवक के साथ उसकी तस्वीर देखने और उसकी सगाई किसी और के साथ होने से नाराज था. ऐसे में उसने जलन के चलते शिवानी की जान ले ली.

शिवानी का मर्डर करने वाला निकला उसका बॉ़यफ्रेंड Image Credit:

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में झाड़ियों में एक 22 वर्षीय युवती का शव मिला था. युवती की शिनाख्त शिवानी के तौर पर हुई थी. उसकी 4 दिनों पहले सगाई हुई थी. परिवार खुशियां मनाते हुए शादी की तैयारी में लगा हुआ था. पुलिस ने अब इस हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक शिवानी की हत्या उसके 7-8 साल पुराने बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी (23) ने की है. उसने जलन के कारण पहले उसका गला घोंटकर मार डाला. फिर सीमेंट की ईंट से सिर कुचल दिया.

ऑफिस जाने के लिए निकली, लेकिन घर नहीं आई शिवानी

पुलिस के अनुसार, शिवानी सिंह रविवार 17 मई को दोपहर 1 बजे ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थी. लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने सोमवार को उसके लापता होने की सूचना थाने में दी. उसी दिन सुबह 8 बजे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में झाड़ियों में उनका शव मिला. मां गीता ने शव की तस्वीर देखकर बेटी की शिनाख्त की थी.

आरोपी बॉयफ्रेंड बिहार के छपरा का रहने वाला

आरोपी प्रेम कुमार मांझी (पुत्र भगवान मांझी), मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला है और एल्डिको कॉलोनी में किराए के मकान पर रहता था. वह लखनऊ में डिलीवरी बॉय का काम करता था.पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शिवानी से 7-8 साल से दोस्ती रखता था.

दूसरे युवक के साथ शिवानी की तस्वीर देख भड़क गया था प्रेम

करीब 6 महीने पहले शिवानी अपने ऑफिस के साथी मनीष के साथ ज्यादा घूमने-फिरने लगी थी. मोबाइल में दोनों की फोटो देखकर उसकी जलन बढ़ गई. फिर उसने हत्या की योजना बना ली.रविवार यानी 17 मई को दोपहर करीब 9:30 बजे उसने मोटरसाइकिल पर बिठाकर शिवानी को आवास विकास योजना, उत्तरीटिया रेलवे लाइन के पास जंगल ले गया.

रबर के पाइप से शिवानी का गला घोंट दिया

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वाटर लेवलिंग वाले रबर के पाइप से शिवानी का गला घोंट दिया. फिर शव को सड़क किनारे झाड़ियों में ले जाकर पास पड़ी सीमेंट की ईंट से सिर कुचल दिया. मोबाइल फोन तेलीबाग नहर में फेंक दिया. बता दें कि शिवानी एल्डिको उद्यान, रक्षा खंड में अपने माता-पिता और 19 वर्षीय छोटी बहन के साथ रहती थी.

शिवानी के परिवार की आर्थिक स्थिति खराब

शिवानी के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है. उसकी मां गीता घरों में झाड़-पोछ का काम करती हैं, जबकि पिता दीप (42) शटरिंग का काम करते हैं. शिवानी MRM ग्रुप में चैनल पार्टनर के रूप में काम करती थी. उसका ऑफिस वृंदावन गेट नंबर-2, साई कॉम्प्लेक्स में था, जो घर से महज तीन किलोमीटर दूर है.

शिवानी के 14 मई को प्रकाश नाम के युवक से हुई थी सगाई

परिजनों के मुताबिक, 14 मई को शिवानी के प्रकाश नाम के युवक से सगाई हुई थी. पूरे परिवार ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी थी.डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की गई. सबूतों के आधार पर प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली है. हत्या में इस्तेमाल की गई सीमेंट की ईंट भी बरामद कर ली गई है. आरोपी को जेल भेज दिया गया है

Follow Us