बैलेंस जीरो, फिर भी 3 दिन नहीं कटेगी बिजली; स्मार्ट मीटर विवाद पर योगी सरकार का बड़ा फैसला

स्मार्ट मीटर लगवाने वाले उपभोक्ताओं की तरफ से लगातार शिकायतें आ रही थीं कि बैलेंस खत्म होते ही उनका कनेक्शन कट जा रहा है. ऐसे में योगी सरकार ने जीरो बैलेंस होने पर भी अधिकतम 3 दिन या फिर माइनस 200 रुपये तक ( 2 किलोवाट लोड तक) स्मार्ट मीटर लगवाने वाले उपभोक्ताओं की बिजली की सप्लाई नहीं काटने का निर्देश दिया है.

स्मार्ट मीटर

योगी सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी खुशखबरी दी है. स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का बैलेंस खत्म भी हो जाता है तो अधिकतम 3 दिन या फिर माइनस 200 रुपये तक ( 2 किलोवाट लोड) बिजली की सप्लाई नहीं काटी जाएगी. बिजली सप्लाई बाधित करने से पहले उपभोक्ताओं को कम बैलेंस का अलर्ट भेजने के लिए 5-स्तरीय SMS अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा.

कब-कब उपभोक्ताओं को भेजा जाएगा SMS अलर्ट

उपभोक्ताओं को पहला अलर्ट बैलेंस 30 फीसदी, दूसरा 10 फीसदी, तीसरा मैसेज बैलेंस खत्म होने पर, चौथा मैसेज कनेक्शन से एक दिन पहले और 5वां अलर्ट कनेक्शन कटने के बाद भेजा जाएगा. अगर इस दौरान रविवार या फिर कोई अन्य सरकारी अवकाश दिन है तो किसी भी स्थिति में बिजली सप्लाई नहीं काटा जाएगा, भले स्मार्ट मीटर में बिल्कुल भी बैलेंस ना हो.

बिजली विभाग अब उन घरों में 15 दिन की कन्वर्जन टाइम और उसके बाद 30 दिन, यानी कुल 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटेगा, जिनमें हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं. दरअसल, स्मार्ट मीटर लगवाने वाले उपभोक्ताओं की तरफ से लगातार शिकायतें आ रही थीं कि बैलेंस खत्म होते ही उनका कनेक्शन कट जा रहा था. ऐसे में शक्ति भवन में 19 अप्रैल को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिए गए हैं.

स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक

समीक्षा बैठक में उर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि स्मार्ट या प्रीपेड मीटर में जो टेक्निकल खामियां सामने आई हैं. इसको लेकर जन प्रतिनिधियों ने भी जानकारी दी है. फिलहाल, स्मार्ट मीटर पर रोक लगा दी गई है. इस मामले को देखने के लिए एक तकनीकी समिति बनाई गई है. इसमें आईआईटी कानपुर के दो प्रोफेसर भी शामिल हैं. इनकी रिपोर्ट आने तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक रहेगी.

प्रदेश में अब तक लग चुके हैं 82 लाख स्मार्ट मीटर

आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 82 लाख स्मार्ट मीटर लग चुके हैं. इसमें से 70 लाख लोगों ने पेमेंट किया है. उपभोक्ताओं की शिकायतें हैं कि पेमेंट करने के बाद भी बिजली सप्लाई काफी देर तक बाधित रह रही है. फिलहाल, बिजली विभाग की तरफ से कहा गया है कि इसे कुछ मिनट में कनेक्शन जुड़ने की प्रक्रिया पूरी हो, इसको लेकर काम किया जा रहा है.

Follow Us