4 सालियों ने पकड़ा हाथ-पैर, फिर ससुर ने चारपायी के पाए से पीटकर ले ली दामाद की जान; क्या है वजह?

लखनऊ में प्रेम विवाह के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां ससुर और चार सालियों ने मिलकर दामाद विष्णु यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी. चार साल पहले हुए प्रेम विवाह के बाद से ही परिवार में रंजिश चल रही थी. आरोप है कि धोखे से घर बुलाकर चारपाई के पाए से हमला किया गया, जिससे विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने ससुर और सालियों को हिरासत में लिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार की रात एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई. यहां पत्नी के साथ ससुराल आए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि युवक की सालियों ने हाथ पैर पकड़ा था और ससुर ने चारपायी के पाए से अंधाधुंध वार किया था. इस वारदात में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह देखकर युवक की पत्नी सदमे में है. चार साल पहले युवक ने प्रेम विवाह किया था. यह वारदात लखनऊ के आशियाना इलाके में सेक्टर-आई का है.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी तीरथराज सिंह और उनकी चार बेटियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक यह रहने वाले तीरथराज सिंह की एक बेटी साक्षी ने चार साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर प्रतापगढ़ के रहने वाले युवक विष्णु यादव से प्रेम विवाह किया था. उसी समय से तीरथराज और उसके परिवार वाले विष्णु यादव के साथ रंजिश मानने लगे थे. इसी बीच साक्षी और विष्णु को एक बेटी हुई. इसके बावजूद साक्षी के परिवार वालों ने विष्णु यादव को स्वीकार नहीं किया.

धोखे से बुलाकर हत्या

आरोप है कि मंगलवार की साक्षी के घर वालों ने दामाद विष्णु के साथ धोखे से बुलाया और पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक ससुराल में विष्णु की किसी बात पर ससुर तीरथराज और चारो सालियों के साथ विवाद हुआ था. इसी विवाद में चारों सालियों ने विष्णु के हाथ पैर पकड़ लिए और ससुर ने चारपायी के पाए से पीटकर जान ले ली. इस वारदात में विष्णु का सिर फटने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई.

सदमे में है साक्षी

घटना के बाद से युवक की पत्नी साक्षी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह सदमे में है और अभी किसी से बात करने की स्थिति में नहीं है. उधर, मृतक के पिता छेदी लाल ने पुलिस में तहरीर दी है. बताया कि विष्णु और साक्षी की शादी से उसके ससुराल वाले नाखुश थे और आए दिन उसके साथ गाली गलौज करते थे. उन्हीं के बुलाने पर 15 मार्च को विष्णु अपनी पत्नी के साथ लखनऊ आया, जहां ससुरालियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है.

साली को भगाने का दर्ज कराया था केस

छेदी लाल के मुताबिक इससे पहले विष्णु के ससुर ने साल 2024 में उसके खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी को भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में विष्णु को जेल भी जाना पड़ा था. यह मामला अभी कोर्ट में पेंडिंग है. वहीं, आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

Follow Us