OBC और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए सपा MP डिंपल यादव ने मांगा आरक्षण
SC/ST, ओबीसी और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए भी महिला आरक्षण की मांग करते हुए सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, 'सपा की मांग है कि महिलाओं के हर वर्ग को आरक्षण का लाभ मिले. महिला आरक्षण के अंदर ही ओबीसी और अल्पसंख्यकों महिलाओं के लिए अलग से भी आरक्षण हो.
संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर चर्चा लगातार दूसरे दिन भी जारी है. इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि परिसीमन को एक हथियार के रूप में बीजेपी सरकार इस्तेमाल करना चाहती है. सरकार को जल्दबाजी क्यों है, जब 2023 में तय हुआ था कि जातीय जनगणना के बाद महिला आरक्षण लागू होगा लेकिन अभी आप 2011 के जनगणना के आधार पर परिसीमन करना चाहते हैं. आप गुमराह कर रहे हैं.
महिलाओं के हर वर्ग को आरक्षण का लाभ मिले-डिंपल
SC/ST, ओबीसी और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए भी महिला आरक्षण की मांग करते हुए सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘सपा की मांग है कि महिलाओं के हर वर्ग को आरक्षण का लाभ मिले, महिला आरक्षण के अंदर ही ओबीसी और अल्पसंख्यकों महिलाओं के लिए आरक्षण हो. सामने वालों (बीजेपी) को अल्पसंख्यक महिलाओं से दिक्कत है. लेकिन ओबीसी महिलाओं के पक्ष में यूपी के सभी बीजेपी सांसद खड़े हो सकते हैं और मांग कर सकते हैं.’
महिलाओं पर हुए जुल्मों बीजेपी सांसदों की चुप्पी-डिंपल
हाथरस कांड, अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए सपा सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी की महिला सांसदों पर निशाना साधा और कहा, ‘जब हमारे एक सहयोगी ने कविता पाठ किया था तो बीजेपी की सारी महिला सांसद विरोध में खड़ी हो गई थीं, लेकिन न तो अंकिता भंडारी केस में ये बोलीं और न ही हाथरस कांड पर. बीजेपी की महिला सांसदों ने हर बार महिलाओं पर हुए जुल्मों पर चुप्पी साधे रखी. मणिपुर के मसले पर भी बीजेपी की महिला सांसद चुप रहीं.’
डिंपल ने कहा-2029 में इनकी सरकार नहीं आने वाली है
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल का विरोध करते हुए सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘2023 में सरकार की ओर से महिला आरक्षण बिल पेश किया गया था, तब ये लोग बहुमत में थे और आज ये सहयोगियों के साथ सरकार चला रहे हैं. जनता को भ्रमित करने का इनका अभियान 2024 में फेल हो गया था और अब ये फिर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. मेरा मानना है कि 2029 में इनकी सरकार नहीं आने वाली है.’
परिसीमन के जरिए अपनी सत्ता बचाना चाहती है बीजेपी-डिंपल
बीजेपी पर सत्ता का मोह होने का आरोप लगाते हुए सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘ये परिसीमन के जरिए अपनी सत्ता हमेशा के लिए बचाए रखना चाहते हैं. ये नहीं चाहते हैं कि गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यक और दलित महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिले. हम इस बिल का विरोध करते हैं और सरकार को लोगों को गुमराह न करने की अपील करते हैं.’