यूपी के 112 सर्वोदय विद्यालय होंगे हाईटेक, मिलेगी टॉप बोर्डिंग स्कूलों जैसी पढ़ाई और सुविधाएं

उत्तर प्रदेश सरकार ने 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों को देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक बनाने का निर्णय लिया है. समाज कल्याण विभाग और BSAI के बीच इसको लेकर समझौता हुआ है. यह पहल हजारों छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करेगी.

यूपी के सर्वोदय विद्यालय बनेंगे टॉप बोर्डिंग स्कूल Image Credit:

योगी सरकार ने प्रदेश के 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों को आधुनिक बनाने का फैसला किया है. सरकार का लक्ष्य इन विद्यालयों को देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों की तर्ज पर विकसित करना है. इसको लेकर बुधवार को समाज कल्याण विभाग और बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BSAI) के बीच एक समझौता (एमओयू) किया गया है.

यह समझौता लखनऊ के गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में हुआ. सरकार की योजना के तहत सर्वोदय विद्यालयों में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था में सुधार किया जाएगा. इसमें छात्रावास, सुरक्षा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जीवन कौशल और आधुनिक शिक्षण प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें.

देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों का भ्रमण करेंगे शिक्षक

एमओयू के तहत सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों का भ्रमण करेंगे. वहां वे पढ़ाई, छात्रावास संचालन, अनुशासन और प्रबंधन की व्यवस्था को समझेंगे. अनुभवों के आधार पर एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जाएगी. इसके बाद उसी आधार पर प्रदेश के सभी 112 सर्वोदय विद्यालयों में सुधार किए जाएंगे.

प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव ने बताया कि बोर्डिंग स्कूलों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने के बाद एक समान एसओपी तैयार की जाएगी. इससे प्रदेश के सभी सर्वोदय विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार होगा. नई व्यवस्था के तहत छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, देखभाल और अनुशासन को मजबूत किया जाएगा.

सर्वोदय विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव आएगा

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में अच्छी शिक्षा की सबसे बड़ी भूमिका है. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि सर्वोदय विद्यालयों के छात्रों को भी वही अवसर और सुविधाएं मिलें, जो देश के बड़े बोर्डिंग स्कूलों में उपलब्ध हैं. बीएसएआई के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

BSAI की CEO सपना सुकुल ने बताया कि किसी राज्य सरकार के साथ यह पहला औपचारिक समझौता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे सर्वोदय विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव आएगा. इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक छात्रावास, छात्र सुरक्षा और देखभाल, जीवन कौशल आधारित शिक्षा और तकनीक आधारित पढ़ाई के क्षेत्र में बदलाव होगा.

Follow Us