UP में फिर ATS का बड़ा एक्शन, 2 पाकिस्तानी आतंकी पकड़े; सीमा पार से मिला था ये टारगेट
यूपी एटीएस ने आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टरों के इशारे पर काम कर रहे दो पाकिस्तानी आतंकियों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान तुषार चौहान और समीर खान के रूप में हुई है. ये भारत के आर्थिक स्थलों को निशाना बनाने की फिराक में थे. सोशल मीडिया से भर्ती हुए इन आतंकियों का मकसद देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा पहुंचाना था. एटीएस ने इनसे हथियार बरामद कर बड़ा षड्यंत्र नाकाम किया.
यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम करने वाले दो आतंकियों को अरेस्ट किया है. इन आतंकियों की पहचान रमाला बागपत के रहने वाले तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और सीमापुरी दिल्ली के रहने वाले समीर खान के रूप में हुई है. यह दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी आबिद जट के लिए काम कर रहे थे. यूपी एटीएस ने इन दोनों आतंकियों को अरेस्ट कर इनसे पूछताछ शुरू कर दी है.
यूपी एटीएस के मुताबिक इन आतंकियों के बारे में खुफिया इनपुट मिले थे. इसमें जानकारी मिली थी कि ये दोनों भारत के आर्थिक रूप से संवेदनशील स्थलों को निशाना बनाने वाले थे. खासतौर पर देश के प्रमुख शहरों में मॉल और इंडस्ट्रियल एरिया में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने वाले थे. इनका मकसद देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा पहुंचाना था. इस इनपुट की यूपी एटीएस जांच कराई तो पता चला कि ये सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े हैं. सोशल मीडिया के जरिए ही इन्हें कमांड भी मिल रहा था.
दस्ता तैयार कर रही आईएसआई
जानकारी के मुताबिक शहजाद भट्टी ने इंस्टाग्राम पर Shahzad bhattee नाम से अकाउंट बनवाया था. ये दोनों इस अकाउंट से जुड़े थे. इसके लिए इन्हें 50,000 रुपये नगद मिला था, वहीं काम होने के बाद 2,50,000 रुपये मिलने थे. इन्हें शहजाद भट्टी के मैनेजर कुंबाकर और अनवर ने हथियार उपलब्ध कराए थे. इसी प्रकार समीर खान का सीधा संपर्क TTH यानी Tehrik e Taliban Hindustan से मिला है. एटीएस के मुताबिक ISI के इशारे पर पाकिस्तानी गैंगस्टर्स भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए दस्ता तैयार कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर ही करते थे बातचीत
यूपी एटीएस के मुताबिक ये आतंकी आपस में संपर्क सोशल मीडिया पर ही करते थे. कॉल के लिए वीओआईपी/टेलीग्राम का इस्तेमाल करते थे. एटीएस ने इन आतंकियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 148, 152, 61(2) और 3/4/25 आर्म्स एक्ट-1959 और 13/18 विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1967 के तहत केस दर्ज कराया है. इनके पास से एटीएस ने 1 पिस्टल, 32 बोर, 5 जिंदा कारतूस, एक अदद चाकू तथा दो अदद मोबाइल फोन बरामद किए हैं. अब एटीएस इनके बाकी साथियों की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है.
