यूपी में बेसिक टीचरों को झटका, जनगणना के कारण 2027 तक ट्रांसफर पर रोक; इन्हें खास छूट

बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के अंतर्जनपदीय तबादले की नीति में बदलाव किया है. जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों का 31 मार्च, 2027 तक तबादला नहीं होगा. हालांकि, दिव्यांग, कैंसर या डायलिसिस से पीड़ित शिक्षकों और उन दंपतियों को छूट मिलेगी जहां दोनों पति-पत्नी शिक्षक हैं.

प्रतीकात्मक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के अंतर्जनपदीय तबादले की नीति में बड़ा बदलाव किया है. यह निर्णय जनगणना कार्य में बाधा से बचने और मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. नए नीति के तहत, जनगणना कार्य में लगे बेसिक शिक्षकों का 31 मार्च, 2027 तक तबादला नहीं होगा. हालांकि, कुछ शिक्षकों को विशेष छूट मिली है.

अपर मुख्य सचिव पार्थ सराथी सेन शर्मा ने यह नया आदेश जारी किया है. इसमें कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद् के अध्यापक बड़ी संख्या में सभी जनपदों में जनगणना के कार्य में लगे हुए हैं. ऐसे में इन शिक्षकों के अन्तर्जनपदीय ट्रांसफर के विकल्प मांगकर बड़ी संख्या में तबादला किये जाने से जनगणना के कार्य में बाधा आ सकती है.

इन शिक्षकों को तबादला नीति में विशेष छूट

बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षिकाओं द्वारा अन्तर्जनपदीय तबादले के लिए बड़ी संख्या में अनुरोध किया जा रहा हैं. यही वजह है कि बेसिक शिक्षा विभाग ने जनगणना कार्य में बाधा से बचने और मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. हालांकि, इसमें दिव्यांग या बीमारी से पीड़ित शिक्षकों को खास छूट मिली है.

दिव्यांग, कैंसर या डायलिसिस से पीड़ित शिक्षक और शिक्षिकाओं का तबादला किया जा सकेगा. साथ ही इसमें उन दंपतियों को छूट मिलेगी जहां दोनों पति-पत्नी परिषदीय शिक्षक हैं. अगर पति/पत्नी में से किसी के द्वारा आवेदन किया जाता है तो जहां पर शिक्षक-छात्र अनुपात कम होगा, उस जनपद में उन दोनों में से किसी एक का ट्रांसफर किया जा सकेगा.

विशेष परिस्थिति में मुख्यमंत्री से अनुमति जरूरी

इसके अलावा, यह भी कहा गया है कि किसी विशेष परिस्थिति में मुख्यमंत्री से अनुमति के बाद ही तबादला किया जा सकेगा. यह आदेश शैक्षिक सत्र 2026-27 में बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं पर लागू होगा. छूट के दायरे में आने वाले शिक्षकों के लिए नया समय-सारिणी जल्द घोषित की जाएगी.

Follow Us