यूपी बोर्ड के फेल स्टूडेंट्स के लिए एक मौका! इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा की तारीख का ऐलान
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. छात्र 6 जून से 27 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. हाईस्कूल में एक विषय में फेल छात्र इम्प्रूवमेंट और दो विषयों में फेल छात्र कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए पात्र होंगे. इंटरमीडिएट के एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण छात्र भी आवेदन कर सकते हैं.
यूपी बोर्ड के हजारों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. अगर आप हाईस्कूल या इंटरमीडिएट परीक्षा में एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाए हैं, तो अब आपके पास खुद को साबित करने का एक और मौका है. योगी सरकार ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. 6 जून से 27 जून तक छात्र ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. जानिए क्या हैं नियम? कौन कर सकता है? आवेदन और कैसे मिलेगा दूसरा मौका?
माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है. प्रदेश सरकार का मानना है कि किसी एक परीक्षा में असफल होना किसी छात्र के भविष्य का अंतिम फैसला नहीं हो सकता. इसलिए विद्यार्थियों को अपनी गलतियों को सुधारने और बेहतर प्रदर्शन का एक और अवसर दिया जा रहा है.
कब कर सकते हैं अप्लाई?
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. छात्र-छात्राएं 6 जून से 27 जून की मध्यरात्रि तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के बाद छात्रों को निर्धारित शुल्क कोषागार चालान के माध्यम से जमा करना होगा. साथ ही आवेदन पत्र और शुल्क जमा करने के प्रमाण पत्र की प्रति निर्धारित समय के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजनी होगी.
हाईस्कूल के स्टूडेंट के लिए नियम
हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए भी स्पष्ट नियम तय किए गए हैं. इम्प्रूवमेंट परीक्षा में वे छात्र शामिल हो सकेंगे जो केवल एक विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं. वहीं कम्पार्टमेंट परीक्षा में दो विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी किसी एक विषय की परीक्षा देकर अपना परिणाम सुधार सकते हैं. इसके लिए परीक्षा शुल्क 256 रुपये 50 पैसे निर्धारित किया गया है.
इंटरमीडिएट के स्टूडेंट के लिए नियम
इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को भी राहत दी गई है. मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के ऐसे छात्र जो किसी एक विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण हैं, वे कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं. व्यावसायिक शिक्षा वर्ग के विद्यार्थियों को भी यह सुविधा दी गई है. इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया गया है.
जिसमें फेल हुए, उसका ही पेपर दे सकेंगे
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विषयों में लिखित परीक्षा के साथ प्रायोगिक या प्रोजेक्ट कार्य शामिल है, वहां निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा आयोजित की जाएगी. यदि कोई छात्र किसी विषय के केवल लिखित या केवल प्रायोगिक भाग में अनुत्तीर्ण है, तो उसे सिर्फ उसी हिस्से की परीक्षा देने का अवसर मिलेगा. लिखित, प्रायोगिक और प्रोजेक्ट परीक्षाओं की तिथियां बाद में अलग से घोषित की जाएंगी. यह व्यवस्था हजारों ऐसे विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो बहुत कम अंतर से सफलता से चूक गए हैं. इससे न केवल उनका एक साल बच सकेगा, बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी बना रहेगा.