चाहें कितना भी हो बैलेंस, 30 दिनों तक नहीं कटेगा बिजली कनेक्शन; इन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. अब 1 किलोवॉट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक कनेक्शन नहीं कटेगा. इसी प्रकार 2 किलोवॉट वालों को भी ₹200 तक बैलेंस पर कनेक्शन नहीं काटने की बात कही गई है. कनेक्शन कटने से पहले 5 SMS अलर्ट भेजे जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी. यह फैसला स्मार्ट मीटर विवाद के बीच आया है.
उत्तर प्रदेश में इस समय स्मार्ट मीटर को लेकर बवाल मचा है. खासतौर पर बैलेंस निगेटिव होते ही बिजली गुल हो जाने जगह जगह प्रदर्शन हो रहे हैं. इसी बीच योगी सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. सरकार ने ऐलान किया है कि चाहें कितना भी बैलेंस हो जाए, 30 दिनों तक बिजली कनेक्शन नहीं कटेगा. हालांकि यह राहत केवल एक किलो वॉट कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को ही मिली है.
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं, विशेषकर कम लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने का फैसला लिया है. 1 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का यदि बैलेंस नेगेटिव भी हो जाए, तब भी 30 दिनों तक उनका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में भी एक माह का पूरा चक्र पूर्ण होने से पहले किसी हाल में कनेक्शन नहीं कटेगा.
पहले 5 SMS, फिर कटेगा कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के मुताबिक इस प्रावधान में पारदर्शिता और उपभोक्ता सुविधा का खास ध्यान रखा गया है. अब कोई भी कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को 5 बार SMS अलर्ट भेजे जाएंगे. इसमें उपभोक्ताओं के अपने बिल के भुगतान का पूरा मौका दिया जाएगा. इसके बाद ही कनेक्शन कटेगा. उन्होंने बताया कि 2 किलोवाट कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है. उनके कनेक्शन 200 रुपये तक माइनस बैलेंस तक नहीं कटेंगे. इनके भी कनेक्शन काटने से पहले 5 बार SMS अलर्ट दिया जाएगा.
सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति वाला राज्य UP
मंत्री एके शर्मा के मुताबिक गर्मी के मौसम में फाल्ट रोकने के लिए हर संभव कोशिश हो रही है. इसी क्रम में अब तक 30 लाख से अधिक नए विद्युत खंभे स्थापित किए गए हैं. वहीं ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है. उन्होंने बताया कि ताजा परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति वाला राज्य बन गया है. उन्होंने कहा कि इस साल भीषण गर्मी पड़ रही है. इसलिए बिजली की खपत बढ़ी है. बावजूद इसके, सरकार की पूरी कोशिश है कि प्रदेश में बिजली को लेकर कोई दिक्कत ना आए.
