तिब्बत से नेपाल तक बाढ़ की आफत… दहशत में UP, इन 2 जिलों में बिगड़े हालात; CM योगी ने खुद संभाली कमान
तिब्बत और नेपाल में भारी बारिश व बांध टूटने से भोटेकोशी, गंडक जैसी नदियां उफान पर हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के महाराजगंज और कुशीनगर जिलों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभालते हुए प्रभावित जिलों के डीएम को अलर्ट किया है और स्थिति से निपटने की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं. वहीं घाघरा में बाढ़ की आशंका को देखते हुए गोरखपुर से बलिया तक अलर्ट जारी किया गया है.
पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और तिब्बत में बांध टूटने से आया सैलाब नेपाल में तबाही मचाने लगा है. इसका असर उत्तर प्रदेश और बिहार से होकर गुजरने वाली नदियों में बाढ़ के रूप में साफ देखा जा रहा है. तिब्बत के बांध से निकले पानी ने नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है. इसकी वजह से भोटेकोशी नदी उफान पर है. इससे त्रिशूल और नारायणी या गंडक आदि नदियां भी अपनी सीमाएं तोड़ने को आतुर हैं. इनका जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है.
हालात को देखते हुए गंडक नदी से लगते इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. इधर उत्तर प्रदेश सरकार भी नेपाल मं बने हालात को लेकर अलर्ट हो गई है. खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमान संभालते हुए महाराजगंज और कुशीनगर के डीएम से रिपोर्ट तलब की है. मुख्यमंत्री ने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए आशंका जताई है कि इस बाढ़ से यूपी के ये दोनों जिले प्रभावित हो सकते हैं.
दोनों जिलों के डीएम को किया अलर्ट
सीएम योगी ने दोनों जिलों के डीएम को अलर्ट रहने और संभावित स्थिति को देखते हुए जरूरी तैयारियां समय रहते ही पूरी कर लेने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ का प्रभाव उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों में देखा जा रहा है. तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है. उन्होंने स्थानीय लोगों को भी अलर्ट रहने की अपील की है.
गोरखपुर से बलिया तक अलर्ट
गंडक में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गोरखपुर से बलिया तक अलर्ट जारी किया गया है. वैसे तो गंडक नदी उत्तर प्रदेश के महराजगंज और कुशीनगर जिलों से होकर गुजरती है, लेकिन इसका कनेक्शन घाघरा नदी से भी है. ऐसे में सरकार ने गोरखपुर से अयोध्या तक और देवरिया से बलिया तक इस नदी के सीमा क्षेत्र वाले सभी जिलों को अलर्ट किया है. सरकार के इस अलर्ट के बाद संबंधित जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है.
रिपोर्ट: कुशीनगर से कुंदन मिश्रा, बलिया से मुकेश मिश्रा
