UP के सरकारी अस्पतालों में हड़कंप! लापरवाही पर 26 डॉक्टर बर्खास्त, 9 और रडार पर
उत्तर प्रदेश में मरीजों की अनदेखी और ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में 26 सरकारी डॉक्टरों को बर्खास्त किया गया है. डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की.इसके अलावा 9 अन्य डॉक्टरों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.
उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी से गैरहाजिरी और मरीजों की अनदेखी करने वाले डॉक्टरों पर शासन ने बड़ा एक्शन लिया है. लगातार ड्यूटी से गायब रहने और चिकित्सीय जिम्मेदारियों का पालन नहीं करने वाले 26 डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं. वहीं, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और लापरवाही के लिए 9 अन्य डॉक्टरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
यह कार्रवाई डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर की गई है. स्वास्थ्य विभाग ने लंबे समय से अनुपस्थित रहने और लापरवाही से जुड़े मामलों की समीक्षा की, विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्रवाई हुई. डिप्टी सीएम ने कहा कि डॉक्टरों की प्राथमिक जिम्मेदारी मरीजों को समय पर, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है.
यूपी के इन 26 डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त
बर्खास्त किए गए 26 डॉक्टर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात थे. इनमें फिरोजाबाद के कायमगंज सीएचीस के डॉ. स्वदेश कुमार, अलीगढ़ डॉ. वीरेंद्र सिंह, गाजीपुर में स्त्री रोग विभाग डॉ. स्वाती विश्वकर्मा, हरदोई में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. बृजेश यादव, महोबा में ईएनटी सर्जन डॉ. ईशान दीक्षित, बुलंदशहर की डॉ. स्वाती आनंद, लखनऊ सिविल हॉस्पिटल डॉ. मनोज कुमार चौरसिया, हरदोई बावन पीएचसी के डॉ. मो. उताउर रहमान, भटपुर पीएचसी डॉ. मनीष खन्ना, बलरामपुर डॉ. अक्षय लेले, मथुरा गोवर्धन सीएचसी जनरल सर्जन डॉ. राकेश फौजदार, मीरजापुर जरनल सर्जन डॉ. नरेंद्र कुमार जायसवाल, झांसी बबीना सीएचसी की डॉ. निशा बुंदेला, गाजीपुर डॉ. अचल सिंह, बरेली के डॉ.शशांक वर्मा, गोरखपुर ब्रहम्हपुर पीएचसी डॉ. विशाल कुमार सिंह, सहारनपुर गंगोह सीएचसी डॉ. इन्द्रजीत सिंह, मुरादाबाद डॉ. मोहम्मद शबाब खान, चन्दौली से डॉ. राजेश कुमार सिंह, मुरादाबाद के डॉ. मुजफर अली, मैनपुरी डॉ. कृष्ण मुरारी द्विवेदी, मुरादाबाद डॉ. फरयाद हुसैन, मऊ डॉ. तनवीर फरीदी, सुलतानपुर लोकनाथपुर पीएचसी के डॉ. आशुतोष शुक्ला, अमनाईकपुर पीएचसी डॉ. सुशील कुमार खरवार, मुजफ्फरनगर डॉ. कुंवर विक्रांत को बर्खास्त किया गया है.
9 डॉक्टरों पर भी विभागीय कार्रवाई
वहीं उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, चिकित्सीय कार्यों में लापरवाही में नौ डॉक्टरों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. इनमें इटावा के उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास यादव, रामपुर के डॉ. केक चहल, मेरठ की डॉ. संगीता चोपड़ा, बदायूं के कादरचौक सीएचसी के डॉ. अवधेश राठौर, भदोही के डॉ. संतोष चक, बलरामपुर के डॉ. सुमित कुमार, भदोही के डॉ.धीरज प्रकाश, गौतमबुद्ध नगर के अरविन्द मलिक और डॉ. असद शामिल हैं.
अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति पर नजर
डिप्टी सीएम ने कहा कि ड्यूटी से गायब रहने या चिकित्सीय दायित्वों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. ओपीडी और आईपीडी सेवाओं के साथ डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति की भी समीक्षा की जाएगी.
सरकार का साफ संदेश है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े. ड्यूटी से गैरहाजिरी, मरीजों की अनदेखी या चिकित्सीय जिम्मेदारी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.