लगातार तीसरे दिन आसमान से बरसी आग, लू की चपेट में 39 जिले; कब मिलेगी राहत?
उत्तर प्रदेश लगातार तीसरे दिन भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. 39 जिले भयंकर लू झेल रहे हैं, बांदा, झांसी और हमीरपुर जैसे क्षेत्रों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. दिन के साथ रातें भी गर्म हो रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है. मौसम विभाग ने अगले दिनों में भी कई जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की है.
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है. आज तीन दिन हो गए, आसमान से लगातार आग बरस रही है. सुबह दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप हो जा रही है, वहीं दोपहर के समय खुले में निकलना भी मुश्किल हो जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से अधिक है. खासतौर पर झांसी, हमीरपुर समेत पूरे बुंदेलखंड में तापमान में 47 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है. वहीं बनारस और प्रयागराज में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार रिकार्ड किया गया है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादा दिक्कत साउथ यूपी में है. मंगलवार को भी बांदा का तापमान देश में सर्वाधिक दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान लगभग 47 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. इसी प्रकार देश के टॉप टेन गर्म शहरों में प्रयागराज भी तीसरे स्थान पर था. यहां 46 डिग्री से अधिक तापमान रिकार्ड हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 39 जिले इस समय भयंकर लू की चपेट में हैं. वहीं बुधवार को 30 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.
इन जिलों में खूब बरसी आग
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के 39 जिलों में लगातार आसमान से आग बरस रही है. इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी आदि जिले शामिल हैं. इनके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, ललितपुर आदि जिले भी सामान्य से अधिक गर्म पाए गए.
न दिन में चैन न रात में सुकून
मौसम विभाग के मुताबिक भीषण गर्मी की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर कम हो गया है. इसकी वजह से दिन में तो धूप की वजह से गर्मी पड़ ही रही है, न्यूनतम तापमान भी बढोत्तरी की वजह से रातें भी गर्म हो रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है. इनमें शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद आदि जिले शामिल हैं. इन सभी जिलों में गर्मी की वजह से दिन में तो चैन मिल ही नहीं रहा, रात का सुकून भी छीन गया है.
UP के टॉप 10 गर्म जिले
- बांदा 47.6
- प्रयागराज 46.8
- वाराणसी 45
- सुल्तानपुर 43
- अमेठी 44.7
- गाजीपुर 44
- झांसी 45.7
- उरई 44.6
- हमीरपुर 45. 6
- आगरा 44.5
- बुलंदशहर 45
- लखनऊ 43.2
