यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, बदले गए लखनऊ-प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को आईपीएस अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए हैं. इस फेरबदल में लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर समेत कई डीजीपी, एडीजी, आईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है. तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए हैं. जारी तबादला सूची के अनुसार कई पुलिस महानिदेशक (DGP स्तर), अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), पुलिस आयुक्त (Commissioner), पुलिस महानिरीक्षक (IG) और पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर के अधिकारियों की नई तैनाती की गई है. इस फेरबदल में लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर बदले गए हैं.
तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है. मुथा अशोक जैन को डीजी अग्निशमन एवं आपात सेवाएं और राम कुमार को एडीजी गोरखपुर जोन नियुक्त किया गया है. सरकार का मकसद पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है.
मुथा अशोक जैन बने डीजी अग्निशमन एवं आपात सेवाएं
1995 बैच के आईपीएस अधिकारी मुथा अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन के पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, उत्तर प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ नियुक्त किया गया है.
अमरेंद्र के. सेंगर को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र के सेंगर को अब पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना (इंटेलिजेंस) का दायित्व सौंपा गया है. इसके साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
राम कुमार बने एडीजी गोरखपुर जोन
अब तक एडीजी लॉजिस्टिक्स के पद पर तैनात राम कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन बनाया गया है.
वाराणसी जोन को मिले नए एडीजी
तकनीकी सेवाओं में तैनात नवीन अरोरा को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं अब तक वाराणसी जोन के एडीजी रहे पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है.
तकनीकी सेवाओं की कमान भगवान एस. श्रीवास्तव को
अभिसूचना विभाग में तैनात भगवान एस. श्रीवास्तव को अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं बनाया गया है.
संजीव गुप्ता को अतिरिक्त प्रभार
एडीजी पुलिस मुख्यालय डॉ. संजीव गुप्ता को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ एडीजी लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
लखनऊ को मिला नया पुलिस कमिश्नर
एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है.
तबादला सूची में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं-
- धर्मवीर को आईजी होमगार्ड्स से आईजी पीएसी पूर्वी जोन, प्रयागराज बनाया गया.
- मोहित गुप्ता को गृह विभाग के सचिव पद से हटाकर आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन नियुक्त किया गया.
- विनोद कुमार सिंह को डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद से आईजी विशेष जांच बनाया गया.
- जोगेंद्र कुमार को प्रयागराज पुलिस कमिश्नर पद से हटाकर आईजी पीटीएस, मुरादाबाद भेजा गया.
- आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन से गृह विभाग में सचिव नियुक्त किया गया.
- अनूप कुमार सिंह को पुलिस मुख्यालय से ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) में पुलिस अधीक्षक बनाया गया.
- आनंद कुमार को पुलिस मुख्यालय से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में लोक शिकायत प्रकोष्ठ का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया.