यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट: कंपनियों ने की योगी सरकार की तारीफ तो CM बोले- निवेशकों को नहीं होने दी जाएगी परेशानी

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में उत्तर प्रदेश को निवेश और मैन्युफैक्चरिंग के उभरते केंद्र के रूप में पेश किया गया. जापान की कुबोटा कॉरपोरेशन और भारत की स्पार्क मिंडा ने प्रदेश में अपने निवेश और विस्तार योजनाओं की जानकारी दी. स्पार्क मिंडा ने ईवी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो पार्ट्स और एडवांस टेक्नोलॉजी में निवेश बढ़ाने की बात कही है. कंपनी का लक्ष्य करीब 6 से 8 हजार अतिरिक्त रोजगार पैदा करना है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और स्किल्ड मैनपावर के जरिए निवेश का अनुकूल माहौल तैयार कर रही है.

यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में सीएम योगी और जापानी कंपनियों के प्रतिनिधि Image Credit:

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों को लेकर यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 में बड़ी तस्वीर सामने आई. कार्यक्रम के उद्घाटन और दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जापान और भारत के प्रमुख उद्योग समूहों ने उत्तर प्रदेश को निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ केंद्र बताया. जापान की कुबोटा कॉरपोरेशन और भारत की स्पार्क मिंडा के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में अपने अनुभव साझा किए और भविष्य की निवेश योजनाओं की जानकारी दी.

दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में तैयार किए गए औद्योगिक वातावरण की सराहना की. उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानव संसाधन, बड़ा उपभोक्ता बाजार, निवेश-अनुकूल नीतियों और सरकार के सहयोग को औद्योगिक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण आधार बताया. कार्यक्रम में यह संदेश भी सामने आया कि जापानी तकनीक, भारतीय उद्योगों की स्थानीय समझ और उत्तर प्रदेश की विशाल औद्योगिक क्षमता का मेल प्रदेश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है.

कुबोटा ने जताया यूपी में दीर्घकालिक साझेदारी का भरोसा

कार्यक्रम में कुबोटा कॉरपोरेशन, जापान के प्रेसिडेंट एवं सीईओ शिंगो हानाडा ने नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की ग्राउंड ब्रेकिंग को कंपनी के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव बताया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नई परियोजना से कुबोटा की प्रदेश के साथ दीर्घकालिक प्रतिबद्धता और साझेदारी को नया विस्तार मिलेगा. शिंगो हानाडा ने भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, इन्वेस्ट यूपी और परियोजना से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, भारत के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.

स्पार्क मिंडा की यूपी में 40 साल से ज्यादा की मौजूदगी

कार्यक्रम में मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आकाश मिंडा ने उत्तर प्रदेश में कंपनी की मौजूदगी और भविष्य की योजनाओं पर जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज संभावनाओं और नए अवसरों का प्रदेश बन चुका है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य उद्योग तथा निवेश को प्राथमिकता दे रहा है. आकाश मिंडा ने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार नहीं कर रहा, बल्कि निवेशकों और उद्योग जगत के बीच भरोसा भी मजबूत कर रहा है.

उनके मुताबिक, किसी भी बड़े निवेश के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ निवेशकों का विश्वास बेहद जरूरी होता है और प्रदेश में यह माहौल तैयार हुआ है. स्पार्क मिंडा की उत्तर प्रदेश में 40 वर्षों से अधिक समय से मौजूदगी है. कंपनी ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में काम करती है और वर्तमान में प्रदेश में 9 हजार से अधिक लोगों को रोजगार दे रही है. आकाश मिंडा ने उत्तर प्रदेश को कंपनी के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य बताते हुए यहां अपनी मौजूदगी को बड़े स्तर पर विस्तार देने की प्रतिबद्धता जताई.

एक्सप्रेसवे और फ्रेट कॉरिडोर ने बदला औद्योगिक परिदृश्य

आकाश मिंडा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, फ्रेट कॉरिडोर, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्रियल पार्क, स्किल्ड मैनपावर और स्मार्ट टाउनशिप जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है. उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन को भी प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उनका कहना था कि प्रदेश में ऐसी कई परियोजनाएं जमीन पर उतरी हैं, जो कुछ समय पहले तक केवल परिकल्पना थीं.

ईवी, इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस टेक्नोलॉजी में बढ़ेगा निवेश

स्पार्क मिंडा ने उत्तर प्रदेश में अपने निवेश को नए क्षेत्रों तक ले जाने की तैयारी भी जाहिर की है. आकाश मिंडा के मुताबिक, कंपनी एडवांस टेक्नोलॉजी, मोटर पार्ट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EV प्रोडक्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा डिजाइन एवं डेवलपमेंट सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है. कंपनी डीपर लोकलाइजेशन और बैकवर्ड इंटीग्रेशन पर भी जोर दे रही है. इसके लिए जापानी कंपनियों के साथ साझेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कंपनी का लक्ष्य करीब 6 हजार से 8 हजार अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा करना है.

युवा मैनपावर और स्किलिंग बनेगी ताकत

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ी संख्या में युवा मैनपावर है. सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप स्किलिंग और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है. इससे निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध होगा. प्रदेश में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है. इसका सीधा लाभ प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को मिलेगा.

‘जो कहते हैं, उसे जमीन पर उतारते हैं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि जो कहती है, उसे धरातल पर उतारती है. पिछले नौ सालों में प्रदेश में आए बदलाव को निवेशक स्वयं देख सकते हैं. कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक वातावरण और निवेश के लिए तैयार नीतियों से आए बदलाव ने उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर पेश की है, सरकार की कार्यप्रणाली में आया यह बदलाव निवेशकों को भी दिखाई देगा.

Follow Us