क्या UP में बंद होने वाली है LPG सप्लाई? जानें क्या है सच्चाई

उत्तर प्रदेश में LPG सिलेंडर सप्लाई बंद होने की चर्चा तेज़ हो गई है. सरकार PNG कनेक्शन को बढ़ावा दे रही है और उन क्षेत्रों में जहां PNG लाइनें बिछ चुकी हैं, वहां तीन महीने में LPG आपूर्ति बंद करने की तैयारी है. ऐसे में अब उपभोक्ताओं को अपना LPG कनेक्शन सरेंडर कर PNG लेना होगा.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में एक चर्चा बड़ी तेजी से हो रही है. कहा जा रहा है कि अगले तीन महीने बाद उत्तर प्रदेश में एलपीजी की सप्लाई बंद हो जाएगी. मतलब रसोई गैस के सिलेंडर नहीं मिलेगी. यह सूचना निराधार नहीं है. दरअसल सरकार पीएनजी कनेक्शन के लिए लोगों को प्रोत्साहित कर रही है. खासतौर पर उन इलाकों में जहां, पीएनजी की लाइनें बिछाई जा चुकी हैं और गैस की सप्लाई भी शुरू हो गई है, उन इलाकों में लोगों को जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए कहा जा रहा है.

दावा किया जा रहा है कि इन इलाकों में तीन महीने के बाद एलपीजी की सप्लाई नहीं होगी. इस संबंध में घर घर जानकारी पहुंचाई जा रही है. इसी के साथ प्रदेश में रोजाना औसतन 2000 से अधिक नए PNG कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं. यह कवायद 24 मार्च 2026 को भारत सरकार की ओर से जारी राजपत्र के तहत किया जा रहा है. इसमें सरकार ने पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार और संचालन को प्राथमिकता दी थी. इस आदेश के बाद प्रदेश सरकार ने अपने क्षेत्राधिकार में इस व्यवस्था को प्रभावी तौर पर लागू कर दिया है.

प्रदेश में हैं 12 कंपनियां

आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल 12 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियां सक्रिय हैं. इन कंपनियों ने प्रदेश के ज्यादातर जिलों में खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में अपना आधारभूत ढांचा तैयार कर लिया है. आवासीय क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई जा रही है. कई इलाकों में PNG की 24×7 आपूर्ति भी शुरू हो गई है. ऐसे में सरकार का लक्ष्य है कि इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचे.

सरेंडर करना होगा एक कनेक्शन

सरकार की नई अधिसूचना के मुताबिक अब कोई भी उपभोक्ता एक साथ घरेलू LPG और PNG दोनों कनेक्शन नहीं रख सकेगा. जिन उपभोक्ताओं के पास दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा. वहीं एक बार PNG कनेक्शन मिलने के बाद उपभोक्ता को भविष्य में LPG सिलेंडर का रिफिल नहीं मिलेगा. अधिकारियों के मुताबिक जहां पाइपलाइन बिछ चुकी है, PNG की आपूर्ति शुरू हो गई है, वहां CGD कंपनियां उपभोक्ताओं को रजिस्टर्ड या स्पीड पोस्ट के माध्यम से सूचना भेज रही हैं.

तीन महीने में बद होगी आपूर्ति

इसमें लोगों को बताया जा रहा है कि नोटिस मिलने के तीन महीने के अंदर पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य है. यदि इन तीन महीनों में कोई उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन नहीं लेता तो उसके पते पर LPG की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी. इसी क्रम में PNG कंपनियां मोहल्लों, कॉलोनियों और अपार्टमेंट्स में जाकर भी लोगों से संपर्क कर रही हैं और उन्हें PNG कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं. सरकार का मानना है कि PNG न केवल सुरक्षित और सुविधाजनक है, बल्कि लगातार आपूर्ति के कारण यह उपभोक्ताओं के लिए अधिक भरोसेमंद विकल्प भी है.

Follow Us