UP Board: 10वीं या 12वीं में फेल छात्र भी न हो निराश… ऐसे पलट सकते हैं बाजी, पास होने के हैं ये 2 मौके

यूपी बोर्ड परीक्षा में असफल रहे छात्रों के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने उम्मीद की किरण दिखाई है. अपील की है कि फेल हुए विद्यार्थी निराश न हों, उन्हें कंपार्टमेंट और स्क्रूटनी परीक्षा के जरिए दोबारा सफल होने का मौका मिलेगा. चेयरमैन महेंद्र देव ने बताया कि मेहनत से दोबारा अच्छे परिणाम हासिल किए जा सकते हैं. यह विकल्प छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा.

यूपी बोर्ड का रजिल्ट जारी

यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणामों की घोषणा के बाद सफल छात्रों के घर में जश्न है. खूब मिठाइयां खाई और खिलाईं जा रही हैं. उधर, किसी कारणवास फेल हुए छात्रों के चेहरे पर मायूसी छा गई है. ऐसे छात्र अपने घर वालों को अपना रिजल्ट तक नहीं बता पा रहे हैं. ऐसे छात्रों का यूपी बोर्ड और माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हौंसला बढ़ाने का प्रयास किया है. माध्यमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष महेंद्र देव ने कहा कि ऐसे बच्चों को बिल्कुल भी निराश होने की जरूरत नहीं है.

उन्होंने बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी करते हुए बताया कि इस बार हाई स्कूल का रिजल्ट 90.42 फीसदी रहा है. वहीं 12वीं का रिजल्ट 80.38 फीसदी आया है. उन्होंने सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि असफल छात्रों को इससे निराश होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र एक बार फिर से मेहनत कर सफलता हासिल कर सकते हैं. ऐसे छात्रों के लिए यूपी बोर्ड की ओर से स्क्रूटनिंग और कंपार्टमेंट परीक्षा का विकल्प दिया जा रहा है.

सफलता का कोई शार्ट-कट नहीं

बोर्ड के चेयरमैन महेंद्र देव ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शार्ट-कट नहीं है. मेहनत करने वालों को कोई रोक नहीं सकता. उन्होंने सफल छात्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. ऐसे में जो छात्र असफल हुए हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है. वह नए सिरे से अपनी मेहनत के दम पर पॉजिटिव रिजल्ट हासिल कर सकते हैं.

9 प्रतिशत हाईस्कूल तो इंटर में फेल हुए 19 फीसदी छात्र

यूपी बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक इस साल हाई स्कूल का रिजल्ट 90.42 आया है. वहीं शेष साढ़े नौ फीसदी छात्र फेल हुए हैं. इसी प्रकार 12वीं की परीक्षा में भी साढ़े 19 फीसदी बच्चे फेल हुए हैं. इस परीक्षा का परिणाम इस बार 80.38 रहा है. अधिकारियों के मुताबिक यदि फेल हुए छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा में मेहनत करते हैं तो वह भी पास हो सकते हैं. वहीं जिन छात्रों को लगता है कि मूल्यांकन में कोई गड़बड़ी हुई है तो वह स्क्रूटनिंग अप्लाई कर सकते हैं.

Follow Us