UP में आज भीषण गर्मी, कल से एक्टिव होगा मानूसन; 59 जिलों में IMD का अलर्ट
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है, लेकिन अब राहत की भी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा और प्रदेश भर में अच्छी बारिश की संभावना है. IMD ने यूपी के 59 जिलों के लिए गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी.
उत्तर प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में आज सुबह से ही भीषण गर्मी है. हालांकि रविवार को हुई बारिश की वजह से कुछ इलाकों में तापमान गिरा भी है. यह स्थिति प्रदेश में आते ही मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की वजह से बनी है. हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि मंगलवार से एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ रहा है. इससे प्रदेश भर में अच्छी बारिश होने की संभावना है. फिलहाल मौसम विभाग ने यूपी के 59 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बलिया, बनारस, प्रयागराज, कानपुर, इटावा, सुल्तानपुर, बरेली, नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ आदि 20 से अधिक जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई थी. इससे तापमान में तो गिरावट हुई, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने की वजह से उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया. वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में बारिश नहीं होने की वजह से मौसम शुष्क व उमस भरा बना रहा.
आज भी होगी छिटपुट बारिश
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज भी प्रदेश में छिटपुट बारिश हो सकती है. इसमें कहीं हल्की बारिश होगी तो कहीं बूंदाबांदी के साथ ही मौसम साफ हो जाएगा. हालांकि मध्य प्रदेश से सटे दक्षिणी यूपी, विंध्य और बुंदेलखंड में अगले दो दिनों तक बारिश की पूरी संभावना है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश में 7 जुलाई से मानसून एक्टिव होगा. इसके बाद प्रदेश भर में अच्छी बारिश हो सकती है. फिलहाल 59 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में बदला मौसम
मौसम विभाग ने आज बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर आदि जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. इसी प्रकार उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि जिलों में भी बारिश हो सकती है.