आज सुस्ती, कल से फिर मानसूनी आफत; इन 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून एक दिन की राहत के बाद 13 अगस्त से फिर सक्रिय होगा. मौसम विभाग ने पूर्वांचल समेत 20 से अधिक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसून अपनी गति पकड़ेगा, जिससे पूरे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ेगा.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज श्रोत- AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है, लेकिन मानसून की यह कमजोरी केवल बुधवार के लिए है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से एक बार फिर मानसून जोर पकड़ सकता है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक 13 अगस्त से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तरप्रदेश तक मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इस दौरान 20 से अधिक जिलों में भारी से भी भारी बारिश होने के आसार हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक इसके अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ेगा और मध्य यूपी और बुंदेलखंड के इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती परिसंचरण 12 अगस्त तक निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की ओर अग्रसर है. इसके बाद यह पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. इसकी वजह से 13 अगस्त से प्रदेश भर में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है.

इन जिलों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने 13 अगस्त की सुबह 8:30 बजे से 14 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक अलर्ट जारी किया है. इसमें बताया है कि यूपी के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर के अलावा आसपास के जिलों में भारी से भी भारी बारिश हो सकती है.

30 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों के अलावा प्रदेश के बाकी जिलों में भी मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती है. इसी क्रम में मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़ समेत 30 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ जिलों में बूंदाबांदी भी हो सकती है. इस दौरान प्रदेश भर में बादल छाए रह सकते हैं. वहीं कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है.

अभी और जोर पकड़ेगा मानसून

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में दावा किया है कि प्रदेश में मानसून अभी और जोर पकड़ सकता है. दरअसल मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति से कुछ दक्षिण में बनी हुई है. वहीं संभावना है कि आने वाले दिनों में इसके प्रभाव और निम्न दबाव क्षेत्र की गतिविधियां बनेंगी. इससे प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ जाएगी. संभावित स्थिति को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को भी इसके लिए आगाह किया है.

Follow Us