UP में कुछ ज्यादा ही मेहरबान हुआ मानसून, अगले 4 दिन भारी बारिश; आंधी तूफान का भी अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है, मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है. यह विदर्भ से आ रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण है. तेज हवाओं के साथ होने वाली यह बारिश किसानों के लिए राहत लाएगी और उमस भरी गर्मी से भी निजात मिलेगी.
उत्तर प्रदेश में मानसून कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है. अगले चार दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं. भारतीय मौसम विभाग ने इस दौरान खूब आंधी तूफान के भी अलर्ट जारी किए हैं. मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश में पांच अगस्त तक रेनी-डे हो सकता है. इस दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मूसलाधार बारिश तो होगी ही, आंधी तूफान भी आ सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी विदर्भ और पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, जो धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. अगले 24 घंटों में यह विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा आ सकता है. इसकी वजह से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मानसून की एक्टिविटी काफी बढ़ जाएगी. इन परिस्थितियों में प्रदेश में मूसलाधार बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना प्रबल हो गई है.
कहीं भारी बारिश तो कहीं रिमझिम बरसात
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में दिन भर मौसम का मिजाज बदलता रहा. कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई. वहीं कुछ इलाकों में रिमझिम बरसात हुई. आसमान में सुबह से ही बादल छाए रहे. इसे देखकर खेत में धान की रोपाई कर बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल गए. इसके बाद कुछ इलाकों में अच्छी बारिश तो हुई, लेकिन कुछ इलाकों में थोड़ी ही देर बाद बादल छंट गए और और तेज धूप निकल आई. इसकी वजह से उमस बढ़ गई.
ये है मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले 24 घंटों के अंदर प्रदेश के लगभग सभी 75 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में तो कमी आएगी ही, लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिल जाएगी. मौसम विभाग ने आज सहारनपुर, मेरठ, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही 55 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी का भी अलर्ट है.