यूपी पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट जारी, आप ऐसे कर पाएंगे चेक

राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है. इस बार पहली बार हर मतदाता को 9 अंकों का यूनिक स्टेट वोटर नंबर दिया गया है, जिससे पहचान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और डिजिटल होगी. पुनरीक्षण अभियान के दौरान करीब 29 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं.

पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट जारी Image Credit: AI Generated

उत्तर प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है. इस बार चुनावी प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव भी किया गया है. अब हर मतदाता को 9 अंकों का यूनिक स्टेट वोटर नंबर दिया गया है, जिससे पहचान और मतदान प्रक्रिया पहले से ज्यादा पारदर्शी और तकनीक आधारित होगी. अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही पंचायत चुनाव की तारीखों को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है. सभी जिलों में जिलाधिकारियों के माध्यम से सूची जारी कर दी गई है. दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद तैयार की गई इस सूची में हर मतदाता को पहली बार 9 अंकों का विशिष्ट स्टेट वोटर नंबर भी आवंटित किया गया है.आयोग ने इससे पहले 23 दिसंबर 2025 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी.

29 लाख नए मतदाता जोड़े गए

उस समय प्रदेश में करीब 12 करोड़ 69 लाख मतदाता दर्ज थे. इसके बाद चले व्यापक पुनरीक्षण अभियान में बड़ी संख्या में बदलाव किए गए. पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 2 करोड़ 32 लाख नए मतदाता जोड़े गए और 2 करोड़ 3 लाख मतदाता हटाए गए.. यानि 29 लाख नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया. हालांकि दिसंबर में जो लिस्ट आई थी, उसमें से 11 लाख मतदाता घट गए हैं. अब कुल मतदाताओं की संख्या करीब 12 करोड़ 58 लाख रह गई है.

कब होगा पंचायत चुनाव?

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है. राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की निगाहें अब चुनाव कार्यक्रम और अधिसूचना पर टिक गई हैं. दरअसल, पंचायत चुनाव को लेकर देरी का मुद्दा हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है. हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से संभावित चुनाव कार्यक्रम की जानकारी मांगी थी.

9 अंकों का नया स्टेट वोटर नंबर

ऐसे में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि आयोग को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक पहुंचने में कुल 169 दिन का समय लगा. सूची जारी होने के बाद कुछ जिलों में तकनीकी कारणों से डाउनलोडिंग संबंधी समस्याएं भी सामने आईं, जिनके समाधान के लिए आयोग की तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है. इस बार सबसे ज्यादा चर्चा 9 अंकों के नए स्टेट वोटर नंबर को लेकर है.

फर्जी मतदान रूकेगा

चुनाव आयोग का मानना है कि इस यूनिक नंबर से मतदाता की पहचान आसान होगी, डुप्लीकेट प्रविष्टियों और फर्जी मतदान की आशंका कम होगी, जबकि पूरी चुनावी प्रक्रिया अधिक डिजिटल और पारदर्शी बन सकेगी. ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में इस नई व्यवस्था से मतदान प्रबंधन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है. अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद अब प्रदेश की नजरें पंचायत चुनाव की अधिसूचना पर टिकी हैं.

कैसे कर पाएंगे चेक?

राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध करा दी है. मतदाता अपने जिले की पंचायत मतदाता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाना होगा. वहां जिले, विकासखंड और ग्राम पंचायत का चयन करने के बाद मतदाता सूची डाउनलोड की जा सकती है.. नई सूची में प्रत्येक मतदाता को 9 अंकों का स्टेट वोटर नंबर (SVN) दिया गया है.

मतदाता अपने नाम के साथ इस नंबर को भी देख सकेंगे. यदि किसी मतदाता को अपना नाम खोजने में दिक्कत आती है तो वह संबंधित ब्लॉक कार्यालय, ग्राम पंचायत सचिवालय या जिला निर्वाचन कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त कर सकता है.

(नोट- खबर में टोटल मतदाताओं की संख्या में सुधार किया गया है.)

Follow Us