कल जारी होगी पंचायतों की फाइनल वोटर लिस्ट, फिर कब होंगे चुनाव? ये है ताजा अपडेट
यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर हलचल तेज है. इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अंतिम मतदाता सूची कल जारी हो जाएगी. अब 10 जुलाई को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी, जहां उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग को चुनाव की तारीखें घोषित करनी होंगी और ओबीसी आयोग आरक्षण का ब्यौरा पेश करेगा. उम्मीद है कि अक्टूबर से पहले उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव संपन्न हो जाएंगे.
इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्ती के बाद उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की कवायद तेज हो गई है. इसी क्रम में बुधवार को फाइनल मतदाता सूची जारी होने जा रही है. इससे पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम पूरा कर लिया है. इसमें दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाताओं के सत्यापन का काम किया गया. वहीं अब बुधवार को फाइनल लिस्ट जारी की जा रही है.
इससे पहले उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने 18 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी. उस समय वोटर लिस्ट में करीब 1.81 करोड़ नए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े गए थे. हालांकि करीब 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से हटाए भी गए थे. इतने के बाद भी पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में करीब 40.19 लाख मतदाता बढ़ गए थे.
नौ अंकों का मिलेगा वोटर नंबर
चूंकि चुनाव आयोग ने सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण कर लिया है, इसलिए अब इसे जारी करने में देरी की कोई और वजह नहीं है. आयोग के मुताबिक पहले ही अंतिम सूची जारी करने की डेट पांच बार बढ़ाई जा चुकी है. लेकिन अब हर हाल में बुधवार को सूची जारी कर दी जाएगी. इस बार वोटर लिस्ट में एक नई व्यवस्था भी है. इसमें मतदाताओं को नौ अंकों का नया स्टेट वोटर नंबर भी दिया जाएगा.
10 जुलाई को है हाईकोर्ट में सुनवाई
हाईकोर्ट में पंचायत चुनाव को लेकर अगली सुनवाई 10 जुलाई को होनी है. उसी दिन उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग को पंचायत चुनाव की तारीख का ऐलान करना है. इसी तारीख पर ओबीसी आयोग को भी इस चुनाव में आरक्षण का लेखाजोखा हाईकोर्ट में पेश करना है. इस संबंध में हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई में उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग और ओबीसी आयोग को लाउड एंड क्लीयर ऑर्डर दिए थे.
अक्टूबर से पहले हो सकते हैं चुनाव
हाईकोर्ट की सख्ती को देखते हुए चुनाव आयोग से लेकर ओबीसी आयोग और राज्य सरकार तक सकते में है. ऐसे में यदि कोई बड़ी अड़चन नहीं आई तो 10 जुलाई को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान ही उत्तर प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान कर देगी. माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सितंबर अक्टूबर में पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं.