यूपी में 9 IPS अफसरों का तबादला, मेरठ-सुल्तानपुर के कप्तान साइडलाइन; कई जिलों के SP बदले

उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है. 9 IPS अधिकारियों का तबादला किया गया. मेरठ और सुल्तानपुर के पुलिस कप्तान को पद से हटाकर साइडलाइन किया गया है. कानून-व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, जिससे कई जिलों के पुलिस प्रमुख बदल गए हैं.

मेरठ के SSP अविनाश पांडेय को साइडलाइन किया गया (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है. शासन ने 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए हैं. इस फेरबदल में मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय को जिले की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है.

IPS अविनाश पांडेय को पुलिस अधीक्षक, संबद्ध मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के पद पर भेजा गया है. इसे पुलिस महकमे में साइड लाइन पोस्टिंग के तौर पर देखा जा रहा है. गुरुवार देर रात जारी तबादला सूची में सुल्तानपुर, गोंडा, बिजनौर, बलरामपुर, संभल, झांसी और मेरठ समेत कई जिलों के कप्तान बदले गए हैं.

IPS चारू निगम यूपी-112 में एसपी की कमान

IPS विनीत जायसवाल को गोंडा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर सुल्तानपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वहीं सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक चारू निगम को साइड करते हुए यूपी-112, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है. IPS चारू निगम पर भाजपा एमएलसी देवेंद्र सिंह कुछ महीने पहले गंभीर आरोप लगाए थे.

IPS अविनाश पांडेय, जो अब तक मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक थे, को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है. उनकी जगह बीबीजीटीएस मूर्ति को झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर मेरठ का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. इसी तरह बिजनौर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक को गोंडा का एसपी बनाया गया है.

विकास चंद्र त्रिपाठी, संभल के नए एसपी बने

IPS विकास कुमार को बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. कृष्ण कुमार को संभल एसपी पद से हटाकर बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वहीं विकास चंद्र त्रिपाठी, जो बाराबंकी में पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात थे, को संभल का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है.

इसके अलावा मातंड प्रकाश सिंह को हरदोई से तबादला कर बलरामपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. ताजा फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा मेरठ के SSP अविनाश पांडेय को हटाए जाने की है. उन्हें जिले की कमान से हटाकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है. वहीं झांसी के SSP बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ की नई जिम्मेदारी दी गई है.

Follow Us