‘उठ जाइए महाराज…’ अखिलेश यादव पर ओमप्रकाश राजभर ने फिर कसा तंज, कह दी बड़ी बात

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है, उन्हें 'उठ जाइए महाराज' कहकर तंज कसा है. राजभर ने अखिलेश को राजनीतिक रूप से निष्क्रिय बताते हुए कहा कि उनकी रैलियां विफल रही हैं और केवल यादव-मुस्लिम वोटों पर निर्भरता से काम नहीं चलेगा. आगामी यूपी चुनावों से पहले यह बयानबाजी सपा और सुभासपा के बीच बढ़ते वाक युद्ध को दर्शाती है.

मंत्री ओमप्रकाश राजभर Image Credit:

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा चीफ ओमप्रकाश राजभर की नाराजगी जग जाहिर है. ओमप्रकाश राजभर रोज अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया में पोस्ट भी करते हैं. इसी क्रम में उन्होंने सपा प्रमुख पर बहुत ही तीखा तंज कसा है. उन्होंने लिखा है कि ‘उठ जाइए महाराज, हम तो आपके मित्र हैं और मित्रता की वजह से ही आपकी चिंता रहती है.’

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने सीधा अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए लिखा कि ‘गुड मॉर्निंग अखिलेश जी, उठ जाइए, सुबह हो चुकी है, कितना सोएंगे महाराज… अच्छा सुनिए, आज मैंने सपने में देखा कि आप चुनाव तक आराम की मुद्रा में ही रहने वाले हैं. यानी चुनाव तक ऐसे ही सोए रहेंगे.’ फिर उन्होंने लिखा कि दादरी की फ्लॉप रैली के बाद आपको समझ तो आ ही गया होगा कि आपकी ज़मीन अब खोखली हो चुकी है. इसीलिए आप कोई रैली नहीं कर रहे हैं.

हताशा पर जताई चिंता

ओमप्रकाश राजभर ने आगे लिखा है कि आपके ही ‘खासमखास’ लोग बता रहे हैं कि उस रैली का हश्र देखकर आप अब कोई दूसरी रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं. आप निराश और हताश हो चुके हैं. उन्होंने लिखा कि वह उनके मित्र हैं और इसी मित्रता की वजह से उन्हें उनकी चिंता रहती है. लिखा कि केवल यादव और मियां भाई के वोट से काम नहीं चलेगा, ना ही ना ट्विटर, एसी-पीसी काम करेगा. इसलिए उठ जाग मुसाफ़िर भोर भयो.

चुनाव से पहले जारी है वाक युद्ध

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सपा और सुभासपा में वाक युद्ध जारी है. पिछले विधानसभा चुनावों में गठबंधन के तहत एक दूसरे के हाथ में हाथ डालकर मैदान में उतर चुके अखिलेश यादव और ओमप्रकाश राजभर एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी का कोई मौका नहीं छोड़ते. बल्कि ओमप्रकाश राजभर तो रोजाना अखिलेश के खिलाफ सोशल मीडिया में एक पोस्ट करते हैं.

Follow Us