UP में बिजली संकट: रात-रात भर प्रदर्शन, BJP विधायक भी परेशान, अखिलेश ने कसा तंज

उत्तर प्रदेश में बिजली संकट बढ़ता जा रहा है. तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में भारी नाराजगी है और कई इलाकों में पावर हाउसों का घेराव, सड़क जाम और प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं. लखनऊ के गोमतीनगर, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज, चिनहट और इंदिरानगर जैसे क्षेत्रों में लोगों ने रातभर सड़क पर उतरकर विरोध जताया.

यूपी में बिजली कटौती से लोग परेशान

लखनऊ समेत पूरा प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और बिजली की बेतहाशा कटौती की दोहरी मार झेल रहा है. तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के साथ बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है. घंटों-घंटों बत्ती गुल रहने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. गुस्साए नागरिक रात के अंधेरे में भी पावर हाउसों का घेराव कर रहे हैं, नारेबाजी कर रहे हैं और सड़कें जाम कर रहे हैं. गुरुवार रात को लखनऊ के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने कई पावर हाउसों को घेर लिया.

गोमतीनगर सेक्टर-5, जानकीपुरम, बनी, फैजुल्लागंज और इंदिरानगर सेक्टर-25 सहित कई जगहों पर घंटों तक हंगामा चला. पुलिस को लोगों को शांत कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. कुछ जगहों पर बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गुस्साए भीड़ को देखते हुए मौके से भाग गए. चिनहट इलाके के अशरफ विहार में गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे बिजली चली गई. रात 10:30 बजे महज 15 मिनट के लिए बिजली आई, उसके बाद फिर ठप.

रात करीब ढाई बजे दोबारा आई, लेकिन बार-बार आती-जाती रही. करीब 9 घंटे बिजली न होने से इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए. बुजुर्ग, बच्चे और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई. लोग घरों की छतों, बालकनियों, सड़कों और पार्कों में रात गुजारते नजर आए. मोहान रोड पर बृद्धेश्वर चौराहे के पास सुबह करीब 2 घंटे प्रदर्शन चला. एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों को आगरा-लखनऊ टिकुनिया रोड से डायवर्ट किया गया.

उतरेठिया अंडरपास के पास रायबरेली रोड पर भी करीब 1 घंटे जाम रहा. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिस दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई. पिछले तीन दिनों से यह सिलसिला जारी है. मंगलवार और बुधवार रात को भी उत्तरेठिया न्यू एवं ओल्ड पावर हाउस, बीबीएयू पावर हाउस, फैजुल्लागंज समेत कई सबस्टेशनों पर घेराव हुआ. फैजुल्लागंज उपकेंद्र में लाईनमैन की करंट लगने से मौत हो गई, जिसने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया.

बीजेपी के विधायक भी परेशान

सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को 10 पन्नों का विस्तृत शिकायती पत्र लिखा है. उन्होंने लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में बिजली संकट को गंभीर चिंता का विषय बताया. पत्र में उन्होंने एक-एक कॉलोनी का नाम गिनाते हुए समस्या बताई. इलाकों में लगातार लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की शिकायत की. भाजपा विधायक नीरज बोरा ने भी ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर सुधार की मांग की है.

पूरे प्रदेश में बिजली संकट

लखनऊ ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में गर्मी और बिजली कटौती की समस्या बढ़ रही है. गोंडा, कानपुर, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं. विपक्षी दल सपा नेता भी इस मुद्दे पर सरकार पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही, पुरानी बुनियादी ढांचा, ट्रांसफार्मरों की कमी और ओवरलोडिंग के कारण यह हालात बने हैं. गर्मी के मौसम में हर साल यही समस्या दोहराई जाती है. बिजली विभाग के अधिकारी मानते हैं कि बढ़ती मांग और गर्मी के कारण दबाव बढ़ा है, लेकिन उन्होंने जल्द सुधार का आश्वासन दिया है.

अखिलेश ने कसा तंज, ऊर्जा मंत्री ने दी सफाई

बिजली संकट पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का कहना है, ‘बेतहाशा गर्मी के चलते बिजली की मांग आसमान पर है, कल शाम यूपी की पीक डिमांड जिसे पूरा किया गया वह 30458 MW थी, गर्मी और ओवरलोड के कारण बिजली संयंत्रों में ख़राबी भी आ रही है.’

वहीं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा, ‘बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में, मुंह से ये कह ही देते ‘3×660 SUPERCRITICAL THERMAL POWER PLANT’ तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती, भाजपा के कुराज में यूपी में बिजली की सिर्फ़ ‘माँग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं.’

Follow Us