6000 जॉब, 13 रोजगार मेले; UP में इस महीने खुलने जा रहा नौकरियों का पिटारा
उत्तर प्रदेश में जून माह बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर आया है. सरकार इस महीने 13 रोजगार मेलों के माध्यम से 6000 से अधिक नौकरियां प्रदान करने जा रही है. इन मेलों में फ्रेशर्स और अनुभवी दोनों को मौका मिलेगा. इच्छुक अभ्यर्थी rojgaarsangam.up.gov.in पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं.
उत्तर प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए जून का महीना बड़ी राहत लेकर आया है. इस महीने कम से कम 6000 युवाओं को अपने पसंद की नौकरी मिलने वाली है. इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार 13 रोजगार मेलों का आयोजन करने जा रही है. इन रोजगार मेलों में देश-विदेश की नामी कंपनियां हिससा लेंगी. मौके पर ही योग्य उम्मीदवारों का चयन होगा और उन्हें ऑफर लेटर पकड़ा दिया जाएगा.
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक 30 जून तक अयोध्या, मुरादाबाद, कानपुर देहात, महोबा और बहराइच समेत कुल 13 जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाना है. इन मेलों में अनुभवी लोगों को तो अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा ही, फ्रेशर्स के लिए काफी अवसर मिलने वाले हैं. ऐसे में जिन युवाओं ने हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी की है, उन्हें तत्काल करियर बनाने का मौका मिल सकेगा. इसके लिए इसी हफ्ते से ही इंटरव्यू और भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
ये है रोजगार मेलों का शेड्यूल
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक 8 जून को महोबा में 100 पदों के लिए रोजगार मेले का आयोजन होगा. इसी दिन अयोध्या के राजकीय आईटीआई परिसर, बेनीगंज में भी रोजगार मेला लगेगा. यहां 1205 पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन होगा. फिर 9 जून को रामपुर में 50 पद, भदोही में 1428 पदों के लिए रोजगार मेला लगेगा. इसी प्रकार बहराइच के जरवल फखरपुर विकास खंड परिसर में 9 और 10 जून को 160 पदों के लिए रोजगार शिविर लगेंगे.
इन जिलों में भी है आयोजन
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक बहराइच के ही रिसिया एवं शिवपुर विकास खंड परिसर में 11 और 12 जून को 155 पदों के लिए फिर से रोजगार मेले का आयोजन होगा. वहीं 11 जून को कानपुर देहात के मंगलम प्राइवेट आईटीआई में 565 पदों के लिए और बागपत के स्यादवाद हायर एजुकेशन एंड रिसर्च सेंटर में 1169 पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा. 12 जून को अयोध्या के लालबाग में 500 पदों के लिए और 13 जून को मुरादाबाद के रामपुर रोड पर 150 पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा.
16 से 30 जून तक यहां होंगे आयोजन
जून के आखिर में भदोही के ज्ञानपुर दो बार रोजगार मेले लगेंगे. इसमें पहला रोजगार मेला 16 जून को 400 पदों के लिए और दूसरा 23 जून को 300 पदों के लिए लगेगा. वहीं 30 जून को अयोध्या के बेनीगंज में 550 पदों के लिए रोजगार मेले का आयोजन होगा. साथ इस महीने के रोजगार मेले का समापन होगा. सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक इन सभी पदों के लिए पात्रता निर्धारित है. इसके लिए उनकी न्यूनतम आयु 18 साल होनी चाहिए. इसके अलावा हर पद के लिए अलग अलग योग्यता निर्धारित है.
कैसे करें आवेदन?
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक यह सभी रोजगार मेले निशुल्क हैं. इसके लिए किसी तरह की कोई फीस देने की आवश्यकता नहीं. इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन जरूरी है. इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है. कोई भी अभ्यर्थी वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
