UP में मौसम का कहर! आंधी-बारिश से 31 लोगों की मौत, चित्रकूट में मरे 500 परिंदे
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश ने भारी कहर बरपाया है, जिसमें बीते 24 घंटों में 31 लोगों की मौत हुई और करोड़ों का नुकसान हुआ. वहीं चित्रकूट में 500 तोते मारे गए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य और प्रभावितों की मदद के निर्देश दिए हैं. मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक ऐसे ही मौसम की आशंका जताई है.
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से उठ रही नम हवाएं और नए पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर प्रदेश में खूब कहर बरपाया है. इन परिस्थितियों में प्रदेश भर में बीते दो दिनों से आंधी पानी का मौसम बना हुआ है. बीते 24 घंटे में ही इस आंधी-बारिश ने अलग अलग इलाकों में खूब तबाही मची है. आपदा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इसमें 31 लोगों की मौत हुई है. वहीं करोड़ों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है.
इस रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेा भर में सैकड़ों पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं, टिन शेड उड़ गए. इस आंधी पानी का सबसे ज्यादा प्रभाव बुंदेलखंड क्षेत्र में देखा जा रहा है. अकेले बुंदेलखंड में 15 लोगों की मौत हुई है. वहीं हमीरपुर में 6, बांदा में 3, महोबा, उरई (जालौन) में 2-2 लोगों की मौतें हुई हैं. इसी क्रम में कौशांबी में 4, सहारनपुर और देवरिया में 2-2, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, बलिया, महाराजगंज, मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर, रामपुर, रायबरेली, आजमगढ़, भदोही और आगरा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है.
बिजली-पानी भी ठप
इस आंधी पानी में प्रदेश में सैकड़ों पेड़ गिरे हैं. वहीं एक हजार से अधिक बिजली के खंभे भी गिरे हैं. इसकी वजह से संबंधित क्षेत्र में बिजली पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है. मौसम विभाग ने अगले दो तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है. खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में तूफान का खतरा सबसे ज्यादा है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इस दौरान तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है.
मारे गए 500 तोते
चित्रकूट में आंधी-बारिश की चपेट में आकर करीब 500 तोते मारे गए हैं. पेड़ों के गिरने और तेज हवाओं से पक्षियों के झुंड बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओले भी गिरे, कई जगहों पर कच्चे मकानों की दीवारें ढह गईं और टिनशेड हवा के जोर से उड़ गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-तूफान से हुए नुकसान पर तुरंत संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.