आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व ARTO ललित कुमार गिरफ्तार, लखनऊ में छापे के बाद एक्शन

उत्तर प्रदेश विजिलेंस ने पूर्व ARTO ललित कुमार को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. लखनऊ में उनके आवास पर छापेमारी में भारी नकदी, सोना, चांदी और 15 संपत्तियों के दस्तावेज मिले. ललित कुमार आय के वैध स्रोत नहीं बता सके. विजिलेंस आगे की जांच कर रही है.

पूर्व ARTO ललित कुमार को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार किया

उत्तर प्रदेश में विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पहले से मामला दर्ज था. सोमवार, को उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया.

विजिलेंस के अनुसार, ललित कुमार आगरा में एआरटीओ के पद पर तैनात रह चुके हैं. उनके खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतों के आधार पर लंबे समय से जांच चल रही थी. जांच के क्रम में 7 और 8 जुलाई को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने लखनऊ स्थित उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया था.

ललित कुमार नहीं बता सके संपत्ति का स्रोत

छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकदी, सोने और चांदी के बिस्किट, बहुमूल्य आभूषण तथा चल-अचल संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले. इसके अलावा 15 संपत्तियों के दस्तावेज, दो कारें और एक रिवॉल्वर भी बरामद की गई. जांच के दौरान विभिन्न बैंकों, डाकघर, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट से संबंधित निवेश के अभिलेख भी मिले हैं.

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान ललित कुमार अपनी संपत्तियों और निवेश के संबंध में आय के वैध स्रोतों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. उन पर जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराने का भी आरोप है. इसी आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया.

बरामद दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू

विजिलेंस की टीम अब बरामद दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संपत्तियां किस प्रकार अर्जित की गईं और उनमें किन-किन लोगों की भूमिका रही. अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. विजिलेंस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और बरामद संपत्तियों, बैंक खातों तथा निवेश से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us