UP Weather: लखनऊ में 22 घंटे से बारिश, 65 जिलों में IMD अलर्ट; 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम से पूरे उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया है. आधे से ज्यादा यूपी में भारी बारिश, कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी है. कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. नदियों में उफान और बाढ़ का अलर्ट भी जारी है.
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ और गहरे अवदाब के चलते उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में मौसम में अचानक करवट ली है. लखनऊ समेत आधे से ज्यादा यूपी में भारी बारिश, कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी है. कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, ये सिलसिला 28 सितंबर तक जारी रहेगा.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद ने शुक्रवार को यूपी के 65 जिलों में मध्य से भारी और बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. इस दौरान दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आएगी और ठंडक बढ़ेगी. राजधानी लखनऊ में तो पिछले 22 घंटे से तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश जारी है. जबकि कई हिस्सों में दिन में अंधेरे जैसा माहौल बन गया है.
इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना ज़्यादा
मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के मुताबिक, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बाराबंकी, श्रावस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और आस-पास के इलाके में आज से कल तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
वहीं, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा और आस पास के क्षेत्र में भी बारिश को लेकर अलर्ट है.
60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ का असर अगले चार से पांच दिन तक रह सकता है. इस दौरान दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट संभव है. वहीं, दोनों संभागों में मेघगर्जन/वज्रपात के साथ झोंकेदार हवा (गति 40-50 किमी/घंटा झोंको में बढ़कर 60 किमी/घंटा) की संभावना जताई है.
भारी आंधी-बारिश को लेकर स्कूलों पर भी मौसम का असर पड़ा है. इसको देखते हुए अयोध्या और सुल्तानपुर में प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया है. जबकि जौनपुर और गोंडा में भी 8वीं तक के छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी गई है. साथ ही लोगों से नदी और घाट के पास जाने से सख्त मनाही की गई है.